गर्दन के दर्द और इंफेक्शन से राहत दिला सकते हैं ये योगासन, जानिए अभ्यास का तरीका
क्या है खबर?
अक्सर कई लोग कुछ शारीरिक समस्याओं को मामूली समझकर नजरअंदाज कर देते हैं जिसके चलते ये समस्याएं समय के साथ-साथ गंभीर हो जाती हैं। ऐसे ही एक समस्या गर्दन में दर्द या इंफेक्शन की भी है।
गर्दन से जुड़ी इन समस्याओं का इलाज समय रहते करवाना बहुत जरूरी है ताकि बाद में कोई परेशानी न हो। इस काम में कुछ योगासनों का अभ्यास लाभदायक साबित हो सकता है।
चलिए फिर ऐसे ही कुछ योगासनों के बारे में जानते हैं।
#1
उत्तानासन
इसके लिए सबसे पहले योगा मैट पर सीधे खड़े हो जाएं और फिर सांस छोड़ते हुए कूल्हों की तरफ से मुड़ते हुए नीचे झुकें। ध्यान रहें कि आपके घुटने बिल्कुल सीधे हों और पैर एक−दूसरे के समानांतर हों।
इसके बाद अपने हाथों से अपने पंजों को छूने की कोशिश करें। कुछ देर इसी मुद्रा में बने रहने के बाद धीरे−धीरे सामान्य अवस्था में आ जाएं।
इस प्रक्रिया को कम से कम तीन-चार बार दोहराएं।
#2
मत्स्यासन
इसके लिए सबसे पहले योग मैट पर पद्मासन की अवस्था में एकदम सीधे बैठ जाएं। फिर अपनी पीठ की दिशा में झुकें और अपने सिर को जमीन से सटाने की कोशिश करें।
अब अपने पैरों की उंगलियों को पकड़े और जितना संभव हो सके उतनी देर इसी मुद्रा में रूके रहने की कोशिश करें। कुछ मिनट तक ऐसे ही रहने के बाद धीरे-धीरे सामान्य अवस्था में आ जाएं।
#3
धनुरासन
सबसे पहले योगा मैट पर पेट के बल लेट जाएं। फिर अपने दोनों घुटनों को अपनी कमर की तरफ से मोड़े और हाथों से टखनों को मजबूती से पकड़ लें।
इसके बाद सांस लेते हुए अपने पूरी शरीर को इस प्रकार ऊपर उठाने की कोशिश करें कि शरीर का आकार धनुष के समान लगे।
अब अपनी क्षमता के हिसाब से इसी मुद्रा में बने रहें और धीरे-धीरे सांस लेते और छोड़ते रहें। अंत में धीरे-धीरे सामान्य अवस्था में आ जाएं।
#4
सेतुबंधासन
सेतुबंधासन का अभ्यास करने के लिए सबसे पहले योगा मैट पर पीठ के बल सीधे लेट जाएं। इसके बाद अपने पैरों को घुटनों से मोड़ें और अपने दोनों हाथों से पैरों को पकड़ने की कोशिश करें।
अब धीरे-धीरे अपने कूल्हों को ऊपर की ओर उठा लें और कुछ देर इसी मुद्रा में बने रहने के बाद धीरे-धीरे सामान्य अवस्था में आ जाएं। कुछ देर बार फिर से इस प्रक्रिया को दोहराएं।