एक्सरसाइज करने से पहले इन वार्मअप का करें अभ्यास, मिलेंगे कई स्वास्थ्य लाभ
क्या है खबर?
अगर आप वार्मअप एक्सरसाइज किए बिना ही अपना वर्कआउट सेशन शुरू कर देते हैं तो आपकी इस गलती के कारण मांसपेशियों पर अधिक दबाव पड़ने लगता है जिससे चोट लगने की संभावना बढ़ जाती है।
इसलिए किसी भी तरह की एक्सरसाइज को करने से पहले वार्मअप करना जरूरी है। इससे न सिर्फ मांसपेशियां खुलती हैं, बल्कि शरीर भी काफी लचीला हो जाता है।
आइए आज हम आपको चार तरह की आसान वार्मअप एक्सरसाइज के अभ्यास का तरीका बताते हैं।
#1
क्रॉल पुश-अप एक्सरसाइज
यह एक बेहतरीन वार्मअप एक्सरसाइज है जो हृदय की कार्यक्षमता को सुधारने के साथ-साथ मांसपेशियों को मजबूती प्रदान करने में मदद कर सकती है।
क्रॉल पुश-अप एक्सरसाइज करने के लिए सबसे पहले जमीन पर सीधे खड़े हो जाएं और फिर क्रॉल करके आगे की ओर आएं। अब पुश अप करें और पीछे की ओर क्रॉल करके वापस जाएं।
इसके बाद सामान्य अवस्था में आ जाएं और इस प्रक्रिया को कम से कम पांच बार दोहराएं।
#2
स्पाइन रोटेशन एक्सरसाइज
स्पाइन रोटेशन वार्मअप एक्सरसाइज के दौरान पीठ को घुमाना होता है जिससे शरीर को खुलने में मदद मिलती है।
इसे करने के लिए जमीन पर सावधान मुद्रा में खड़े हो जाएं। अब अपने दोनों हाथों को ऊपर की ओर स्ट्रेच करें, फिर पीठ के ऊपरी हिस्से को नीचे लेकर जाएं और 360 डिग्री में घुमाते हुए ऊपर की ओर लाएं।
इसी तरह शरीर को को क्लॉक वाइज और एंटी क्लॉक वाइज घुमाएं। ऐसा कम से कम पांच बार करें।
#3
लंजेज विद साइड बेंड एक्सरसाइज
लंजेज विद साइड बेंड एक फुल बॉडी वार्मअप एक्सरसाइज है और इसे आप किसी भी एक्सरसाइज से पहले कर सकते हैं।
इसके लिए सबसे पहले जमीन पर सीधे खड़े हो जाएं, फिर लंज की अवस्था में आ जाएं और सामने की ओर घुटने को 90 डिग्री तक मोड़ें।
इसके बाद दाएं हाथ को अपने सिर के ऊपर लाते समय दाएं पैर को हल्का दाईं तरफ झुकाएं, फिर इसी प्रक्रिया को बाईं तरफ से भी दोहराएं।
इस एक्सरसाइज को जल्दी-जल्दी करें।
#4
अरबस्क एक्सरसाइज
इस वार्मअप एक्सरसाइज को ग्लूट एक्टिवेशन और एक्सेंट्रिक हैमस्ट्रिंग लोडिंग एक्सरसाइज से पहले करना काफी बेहतरीन माना जाता है।
इसके लिए जमीन पर सीधे खड़े हो जाएं और अपने दोनों हाथों को आगे की तरफ सीधा करें। इस दौरान हथेलियां एक-दूसरे के सामने होनी चाहिए।
अब आगे की तरफ झुकें और झुकते समय अपने किसी एक पैर को पीछे की ओर फैलाकर हवा में उठाएं, फिर हवा में उठाया गया पैर नीचे करें और दूसरा पैर हवा में उठाएं।