Page Loader
खजूर के बीज वाली कॉफी है लोगों का नया पसंदीदा पेय, जानिए इसके प्रमुख फायदे

खजूर के बीज वाली कॉफी है लोगों का नया पसंदीदा पेय, जानिए इसके प्रमुख फायदे

लेखन सयाली
May 25, 2025
03:54 pm

क्या है खबर?

ज्यादातर लोग अपने दिन की शुरुआत एक कप गर्मा-गर्म कॉफी से करना पसंद करते हैं। इसे डाइट में शामिल करने से शरीर को ऊर्जा मिलती है, सुस्ती दूर हो जाती है और कैफीन भी मिलता है। हालांकि, इस पेय के पोषण और स्वाद को बढ़ाने एक लिए लोग इसमें नए-नए फ्लेवर जोड़ते रहते हैं। इन दिनों एक नए स्वाद वाली कॉफी पसंद की जा रही है, जिसे खजूर के बीज से बनाया जाता है। आइए इसके स्वास्थ्य लाभ जानते हैं।

रेसिपी

पहले जानते हैं इस कॉफी को बनाने का तरीका

वैसे तो खजूर के बीज वाली कॉफी बाजार में मिलती है। हालांकि, आप इसे घर पर भी बना सकते हैं। इसकी रेसिपी की शुरुआत खजूर के बीजों को धोने और सुखाने से होगी। अब ओवन को 200 डिग्री तक गर्म करें और बीजों को 30 मिनट तक भूनें, ठंडा करें और मिक्सी में पीस लें। स्वाद को बढ़ाने के लिए इसमें दालचीनी, इलायची और लौंग का पाउडर मिलाएं। इस पाउडर की मदद से पानी या दूध वाली कॉफी बनाएं।

#1

एक्सरसाइज से पहले पीने के लिए सुरक्षित

यह कॉफी न केवल स्वाद में लाजवाब होती है, बल्कि सेहत के लिए भी अच्छी होती है। दुनियाभर के शोधकर्ता इसे कॉफी का एक सुरक्षित विकल्प मानते हैं, क्यूंकि इसमें कैफीन नहीं होता है। खजूर के बीज वाली कॉफी एक्सरसाइज के दौरान शारीरिक प्रदर्शन को बढ़ाने में मदद कर सकती है। इसीलिए आप इसे एक प्री वर्कआउट पेय के रूप में खान-पान का हिस्सा बना सकते हैं। इसके सेवन से आपकी ऊर्जा बढ़ जाएगी और थकान भी नहीं होगी।

#2

पोषक तत्वों से भरपूर

खजूर एक तरह का फल है, जो कई पोषक तत्वों से समृद्ध होता है। काफी कम लोग जानते हैं कि इसके बीज में भी कई स्वास्थ्य लाभ मौजूद होते हैं। खजूर के बीज में भरपूर मात्रा में पॉलीफेनोल और फाइबर होते हैं, जो पाचन स्वास्थ्य को दुरुस्त रखने में मदद करते हैं। साथ ही इसमें प्रोटीन, स्वस्थ वसा, फास्फोरस, मैग्नीशियम, कैल्शियम, आयरन, पोटेशियम और एंटीऑक्सीडेंट भी पाए जाते हैं।

#3

विषाक्त पदार्थों से लड़ने में मददगार

विषाक्त पदार्थ जहरीले पदार्थ होते हैं, जो प्रदूषक, मांसपेशियों की गतिविधि और खाद्य पदार्थों में मौजूद रसायन से उत्पन्न होते हैं। इन्हें मिटाने के लिए आप रोजाना एक कप खजूर के बीज वाली कॉफी पी सकते हैं। इसमें अच्छी मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होते हैं, जो सूजन और ऑक्सीडेटिव तनाव को कम करने में मदद करते हैं। जब ये दोनों चीजें कम होती हैं तो खुद-ब-खुद विषाक्त पदार्थों का सफाया हो जाता है।

#4

पाचन स्वास्थ्य होता है दुरुस्त

खजूर के बीजों में फाइबर पाया जाता है, जो पेट के लिए बहुत फायदेमंद होता है। इसे खान-पान का हिस्सा बनाने से पाचन स्वास्थ्य दुरुस्त हो जाता है। अगर आप रोजाना एक कप खजूर के बीज वाली कॉफी पिएंगे तो आपका पेट अच्छी तरह साफ हो जाएगा। इस पेय की मदद से आपको कब्ज और ऐंठन जैसी समस्याओं से भी निजाद मिल जाएगा। साथ ही यह कोलेस्ट्रॉल और ब्लड शुगर के स्तर को भी कम करेगा।