गर्मी में रोजाना करें एक गिलास सत्तू वाली छाछ का सेवन, मिलेंगे ये चमत्कारी स्वास्थ्य लाभ
क्या है खबर?
जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती जा रही है, वैसे-वैसे लोग कोल्ड ड्रिंक जैसे ठंडे पेय पर निर्भर होते जा रहे हैं। हालांकि, भारतीय खान-पान में एक ऐसा पेय मौजूद है, जो पौष्टिक होता है और पेट को ठंडा भी रखता है।
इस पेय का नाम है सत्तू वाली छाछ, जो कि छाछ और सत्तू का स्वादिष्ट मिश्रण है। इसे डाइट में शामिल करने से शरीर को प्रोटीन मिलता है और गर्मी भी दूर होती है।
आइए इसे पीने के फायदे जानते हैं।
रेसिपी
पहले जानें इस पेय को बनाने का तरीका
सत्तू और छाछ का सेवन उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में ज्यादा किया जाता है। इस पेय की रेसिपी बेहद आसान है और इसे पीने से ताकत भी मिलती है।
इसे बनाने के लिए सबसे पहले धनिया, पुदीना, हरी मिर्च, सत्तू और मूंगफली को थोड़े पानी के साथ ब्लेंडर में डालकर पीस लें।
इसे जग में निकालकर उसमें दही, हींग, जीरा और काला नमक मिलाएं। इसे मथनी की मदद से मिलाएं और बर्फ डालकर परोसें।
#1
शरीर को मिलती है ठंडक
छाछ दही से बनाई जाती है और इसमें भरपूर मात्रा में प्रोबायोटिक्स होते हैं, जो शरीर को ठंडा रखने में मदद करते हैं। वहीं, सत्तू में ठंडक देने वाले गुण होते हैं, जो पेट को तुरंत राहत प्रदान कर सकते हैं।
अगर आप रोजाना सत्तू वाली छाछ पियेंगे तो आपके शरीर का तापमान कम हो जाएगा।
इस पेय में मौजूद जल सामग्री शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती है, जो शरीर को ठंडा रखने के लिए महत्वपूर्ण है।
#2
प्रोटीन से भरपूर
सत्तू को भुने हुए चने से तैयार किया जाता है, जो कि प्रोटीन का समृद्ध स्त्रोत होता है। भारत के लोग इसे प्राकृतिक प्रोटीन पाउडर की तरह पीना पसंद करते हैं।
अगर आप रोजाना की डाइट में सत्तू वाली छाछ को शामिल करते हैं तो आपके शरीर की ताकत बढ़ सकती है। इतना ही नहीं, इसके सेवन से पेट लंबे समय तक भरा हुआ रहता है और वजन बढ़ाने में भी मदद मिलती है।
#3
फाइबर से समृद्ध
सत्तू एक ऐसा खाद्य पदार्थ है, जिसमें भरपूर मात्रा में डाइटरी फाइबर मौजूद होता है। इसके अलावा, इस पेय को तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्रियां भी फाइबर से लैस होती हैं।
इसे पीने से पेट का स्वास्थ्य सही हो जाता है, पेट ठंडा रहता है और मल त्याग बढ़ जाता है। इससे पेट की सूजन कम होती है, पेट भरा रहता है और पाचन भी दुरुस्त होता है।
#4
शरीर होता है डिटॉक्स
सत्तू और छाछ, दोनों ही सामग्रियां एंटीऑक्सिडेंट्स से समृद्ध होती हैं। यही कारण है कि यह पेय शरीर को अच्छी तरह डिटॉक्स करने में मदद कर सकता है।
इसके सेवन से शरीर के सभी विषाक्त पदार्थ बाहर निकल जाते हैं और गर्मी के दिनों में pH संतुलन बना रहता है। इसके जरिए ऊर्जा बढ़ जाती है, वजन घटता है और मुंहासे भी दूर होते हैं।
चिलचिलाती गर्मी में हाइड्रेटेड रहने के लिए ये डिटॉक्स पानी पिएं।