Page Loader
डार्क चॉकलेट बनाम व्हाइट चॉकलेट: दोनों में कौन ज्यादा स्वास्थ्यवर्धक है? 
डार्क चॉकलेट बनाम व्हाइट चॉकलेट

डार्क चॉकलेट बनाम व्हाइट चॉकलेट: दोनों में कौन ज्यादा स्वास्थ्यवर्धक है? 

लेखन अंजली
Jun 22, 2023
08:24 pm

क्या है खबर?

चॉकलेट दुनिया के सबसे प्रिय खाद्य पदार्थों में से एक है। यह सफेद और डार्क चॉकलेट सहित विभिन्न प्रकारों में आती है। इन सभी किस्मों के स्वाद, बनावट और पोषण मूल्य में काफी अंतर होता है। अमूमन लोग सफेद और डार्क चॉकलेट के चयन को लेकर उलझन में रहते हैं कि इनमें से किसका सेवन स्वास्थ्य के लिए सही है। आइए आज इन दोनों चॉकलेट के बीच का अंतर और इनके फायदों के बारे में जानते हैं।

अंतर

दोनों चॉकलेट को बनाने का तरीका

व्हाइट चॉकलेट को अक्सर चॉकलेट की दुनिया का 'आइवरी' कहा जाता है। इस चॉकलेट को कोकोआ मक्खन, दूध के ठोस पदार्थ, चीनी और वनिला एसेंस के मिश्रण से बनाया जाता है, जो इसे चिकनी और मलाईदार बनावट देते हैं। दूसरी ओर डार्क चॉकलेट को अक्सर चॉकलेट की दुनिया का 'ब्लैक' कहा जाता है। यह कोको बीज, कोकोआ मक्खन और चीनी के मिश्रण से बनाई जाती है।

स्वाद

डार्क और सफेद चॉकलेट का स्वाद

डार्क चॉकलेट में कोको सामग्री 30 से 90 प्रतिशत तक होती है, जिसके कारण इसका स्वाद हल्का कड़वा होता है। आजकल बाजार में 3 प्रकार की डॉर्क चॉकलेट्स हैं, जिन्हें बिटरस्वीट, सेमी-स्वीट और स्वीट डार्क चॉकलेट कहा जाता है। डार्क चॉकलेट के विपरीत सफेद चॉकलेट में आमतौर पर 20 प्रतिशत कोकोआ मक्खन, 14 प्रतिशत दूध के पदार्थ और लगभग 55 प्रतिशत चीनी या अन्य स्वीटनर होते हैं। इस वजह से इसका स्वाद मीठा होता है।

फायदे

डार्क और सफेद चॉकलेट के फायदे

एक अध्ययन के मुताबिक, 70 प्रतिशत कोको युक्त डार्क चॉकलेट का सेवन लोगों के व्यवहार और मानसिक स्वास्थ्य में सुधार करने में काफी मदद कर सकता है। इसमें मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट्स शरीर के मुक्त कणों से लड़ने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा यह ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में सहायक है। इसके विपरीत सफेद चॉकलेट के सेवन से भरपूर ऊर्जा मिल सकती है और यह कैफीन मुक्त होती है।

चयन

इन दोनों चॉकलेट में से किसका चयन करना है बेहतर?

अगर आपको पौष्टिकता और फायदे के लिहाज से डार्क और सफेद चॉकलेट में से किसी एक को चुनना है तो इस मामले में डार्क चॉकलेट ही अच्छा विकल्प है। डार्क चॉकलेट का सेवन वजन घटाने वालों के लिए भी उपयुक्त है। इसका कारण है कि यह वसा और कार्ब्स के जमाव को कम करती है। इससे पेट लंबे समय तक भरा रहता है। इस तरह से डार्क चॉकलेट वजन कम करने में भी मदद कर सकती है।