LOADING...
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश: 2 दिन में 32 की मौत, सिक्किम में 1,500 पर्यटक फंसे
असम में बाढ़ से कम से कम 12 जिले प्रभावित हैं

पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश: 2 दिन में 32 की मौत, सिक्किम में 1,500 पर्यटक फंसे

लेखन आबिद खान
Jun 01, 2025
11:05 am

क्या है खबर?

असम, मिजोरम समेत पूर्वोत्तर भारत के 4 राज्यों में समय से पहले पहुंचे मानसून ने भारी तबाही मचा दी है। इन राज्यों में बीते 2 दिन में बाढ़ और भूस्खलन से चलते 32 लोगों की मौत हो गई। असम में 16, अरुणाचल में 9, मिजोरम में 4 और मेघालय में 3 लोगों की जान गई है। भारी बारिश के कारण कई जगहों पर सड़क संपर्क टूट गया है और नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

असम

असम के 12 जिले बाढ़ के चपेट में

असम के करीब 12 जिले बाढ़ के चपेट में है, जिससे 78,000 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। लखीमपुर जिला सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां 40,000 से ज्यादा निवासी प्रभावित हुए हैं। कामरूप मेट्रोपोलिटन जिले में भूस्खलन से 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि गोलाघाट में 2 और लखीमपुर में एक व्यक्ति के मारे जाने की खबर है। शहरी मामलों के मंत्री जयंत मल्ला बरुआ ने कहा कि गुवाहाटी के बोंडा में 3 महिलाओं की मौत हो गई है।

मिजोरम

मिजोरम में 3 शरणार्थियों समेत 6 की मौत

मिजोरम में बारिश संबंधी घटनाओं के कारण 6 लोगों की मौत हो गई है। इनमें म्यांमार के 3 शरणार्थी भी शामिल हैं। शनिवार को चंफाई जिले के वाफाई गांव में भूस्खलन की वजह से 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं, सेरछिप जिले में भूस्खलन के कारण घर ढहने से 53 वर्षीय व्यक्ति दब गया। यहां 13 घर ढह गए। आइजोल के थुआमपुई में मजदूरों के शिविर पर दीवार गिरने से 37 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई।

Advertisement

सिक्किम

सिक्किम में 1,500 पर्यटक फंसे, वाहन नदी में गिरा

उत्तरी सिक्किम के मंगन जिले में एक वाहन के तीस्ता नदी में गिर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है, 2 घायल हो गए और 8 लापता हैं। पुलिस ने बताया कि लाचेन-लाचुंग राजमार्ग पर मुन्सिथांग के पास 11 पर्यटकों को ले जा रहा वाहन 1,000 फीट से अधिक नीचे नदी में गिर गया। लापता लोगों में 4 ओडिशा, जबकि 2-2 त्रिपुरा और उत्तर प्रदेश के हैं। उत्तरी सिक्किम में लगभग 1,500 पर्यटक फंस गए हैं।

Advertisement

मणिपुर

मणिपुर और त्रिपुरा भी प्रभावित

मणिपुर की राजधानी इंफाल में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन ठप कर दिया है। शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति है। यहां NDRF और राज्य प्रशासन लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जा रहा है। त्रिपुरा में भारी बारिश के कारण कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। यहां एक 16 वर्षीय लड़के की मौत की खबर है। राजधानी अगरतला में बाढ़ के पानी से मुख्यमंत्री माणिक साहा का आवास भी प्रभावित हुआ है।

Advertisement