वरिष्ठ नागरिक इन 5 स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज से करें अपने दिन की शरूआत, स्वास्थ्य को मिलेंगे फायदे
क्या है खबर?
दिन की शुरुआत करने के लिए स्ट्रेचिंग से बेहतर तरीका और क्या हो सकता है?
जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, हमारी मांसपेशियां और जोड़ों में अकड़न आने लगती है।
ऐसे में वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज करना लाभदायक हो सकता है क्योंकि ये उनकी मांसपेशियों और जोड़ों को लचीला और मजबूत बनाने में सहायक हो सकती हैं।
आइए आज हम आपको वरिष्ठ नागरिकों के लिए 5 आसान स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज बताते हैं।
#1
नेक स्ट्रेच
इस एक्सरसाइज को बैठकर या खड़े होकर किया जा सकता है।
इसके लिए सबसे पहले धीरे-धीरे सिर को बाईं ओर झुकाएं और फिर अपनी गर्दन के दाहिनी ओर खिंचाव महसूस करते हुए कुछ सेकंड के लिए इस स्थिति को बनाए रखें।
अब सिर को सीधा करके दूसरी तरफ से इसे दोहराएं। खिंचाव के दौरान गहरी सांस जरूर लें और अपने कंधों को आरामदायक स्थिति में भी रखें।
इसके बाद सामान्य स्थिति में आकर फिर से इसे दोहराएं।
#2
शोल्डर रोल
इस एक्सरसाइज की शरूआत आरामदायक स्थिति में बैठकर या खड़े होकर करें।
अब धीरे-धीरे अपने कंधों को अपने कानों की ओर उठाएं और फिर उन्हें गोलाकार गति में पीछे की ओर घुमाएं।
इसके बाद दूसरी दिशा में कंधों को कई दोहराव के लिए आगे की ओर रोल करें, फिर बीच में थोड़ा ब्रेक जरूर लें। पूरे अभ्यास के दौरान गहरी सांस लेना-छोड़ना याद रखें।
कंधे की अकड़न को दूर करने के लिए ये स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज करें।
#3
साइड बेंड
इसके लिए जमीन पर चोकड़ी मारकर बैठ जाएं। अब अपने दाएं हाथ को ऊपर उठाएं और बाईं ओर झुककर खुद को अधिक से अधिक स्ट्रेच करने की कोशिश करें।
इस स्थिति में 10 से 15 सेकेंड तक रहें और फिर इसी प्रक्रिया को बाएं हाथ से भी दोहराएं।
हर तरफ से कम से कम 20 बार ऐसा करें। बेहतर परिणाम के लिए कुछ दिनों तक इस स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज को लगातार करें।
#4
ब्रिज एक्सरसाइज
ब्रिज एक्सरसाइज करने के लिए सबसे पहले एक्सरसाइज मैट पर पीठ के बल सीधे लेट जाएं।
इसके बाद पैरों को इस तरह से मोड़ें जिससे शरीर का निचला हिस्सा ब्रिज जैसा दिखने लगे।
अब अपने कूल्हों को धीरे-धीरे ऊपर-नीचे करें। आप चाहें तो अपनी सुविधा के लिए अपने सिर के नीचे एक तौलिए को लपेटकर रख सकते हैं।
इस एक्सरसाइज को कम से कम 1 मिनट तक दोहराएं।
#5
हैमस्ट्रिंग स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज
सबसे पहले एक स्टूल लें और उसके आगे एकदम सीधे खड़े हो जाएं और फिर बाएं पैर की एड़ी को स्टूल के ऊपर रख लें।
अब बाएं हाथ को बाएं पैर की उंगलियों तक पहुंचाएं। ऐसा करते वक्त आपकी पीठ सीधी होनी चाहिए और कूल्हों के पीछे हल्का स्ट्रेच महसूस होना चाहिए।
कुछ देर के लिए इसी अवस्था में रहें, फिर सामान्य हो जाएं। दोनों पैरों से 20-30 सेकंड तक इस प्रक्रिया को दोहराएं।