Page Loader
कर्नाटक के हालेबिदु में मौजूद हैं ये 5 खूबसूरत पर्यटन स्थल, एक बार जरूर जाएं 
हालेबिदु में घूमने के लिए 5 जगह (तस्वीर: फ्रीपिक)

कर्नाटक के हालेबिदु में मौजूद हैं ये 5 खूबसूरत पर्यटन स्थल, एक बार जरूर जाएं 

लेखन गौसिया
Jul 08, 2023
12:29 pm

क्या है खबर?

कर्नाटक में स्थित हालेबिदु एक ऐसा पर्यटन स्थल है, जो प्राचीन और सुंदर मंदिरों और संग्रहालयों से घिरा हुआ है। इसे पहले द्वारसमुद्र के नाम से जाना जाता था। यह स्थान UNESCO की विश्व धरोहर स्थल सूची में भी शामिल है और इसे भारतीय वास्तुकला के रत्न के रूप में जाना जाता है क्योंकि यहां के मंदिरों और स्थलों को बेहतरीन होयसला वास्तुकला में बनाया गया है। आइये आज ट्रेवल टिप्स में हालेबिदु में घूमने योग्य 5 जगह जानते हैं।

#1

होयसलेश्वर मंदिर 

हालेबिदु के सबसे पुराने और लोकप्रिय मंदिरों में से एक होयसलेश्वर मंदिर भगवान शिव को समर्पित है। यह मंदिर द्वारसमुद्र झील के पश्चिम में स्थित है। इसका नाम होयसल राजा विष्णुवर्धन होयसलेश्वर के नाम पर रखा गया था और यह आकर्षक होयसला शैली की वास्तुकला में बनाया गया है। यह मंदिर 1,121 ईस्वी में बनाया गया था और यह एक तारे के आकार के मंच पर बना हुआ है। यहां जानिए भारत के 5 रहस्यमयी मंदिरों के बारे में।

#2

बेलूर

बेलूर के छोटे से मंदिर को अक्सर भारतीय सांस्कृतिक विरासत का मुकुट रत्न कहा जाता है। बेहतरीन वास्तुकला और भव्य मूर्तियों से युक्त यह प्राचीन पवित्र स्थान यागाची नदी के तट पर स्थित है। आप यहां चेन्नाकेशव मंदिर के दर्शन भी कर सकते हैं, जो भगवान चेन्नाकेशव को समर्पित है। 1,117 ईस्वी में पूरा बनकर तैयार हुआ यह मंदिर ऐसे नरम पत्थरों का इस्तेमाल करके बना है, जिसमें साबुन जैसी अनुभूति होती है।

#3

बेलवाडी

हालेबिदु से 12 किलोमीटर की दूरी पर स्थित बेलवाडी एक ऐसा गांव है, जो अपनी होयसला-शैली की वास्तुकला से आपको मंत्रमुग्ध कर देगा। इस स्थान पर श्री वीर नारायण मंदिर है, जिसे महाभारत के एकचक्रनगर के रूप में मान्यता भी प्राप्त है। भगवान विष्णु को समर्पित यह मंदिर 13वीं शताब्दी में बनाया गया था। पौराणिक कथा के अनुसार, पांडव राजकुमार भीम ने इस मंदिर में राक्षस बकासुर का वध भी किया था।

#4

यागाची बांध 

यागाची बांध पर्यटकों के लिए एक आदर्श स्थान है, जिसे कावेरी नदी की सहायक नदी यागाची पर बनाया गया है। हरे-भरे परिदृश्य से घिरा इस बांध का निर्माण 2001 में किया गया था और यह समुद्र तल से 290 मीटर से अधिक की ऊंचाई पर स्थित है। यहां आकर आप स्पीड बोटिंग, बंपर राइड, कयाकिंग और बनाना बोट राइड जैसी विभिन्न साहसिक गतिविधियों का आनंद ले सकते हैं। कयाकिंग का लुत्फ उठाने के लिए इन जगहों का भी रुख करें।

#5

पुरातत्व संग्रहालय

पुरातत्व संग्रहालय एक तरह से प्राचीन मूर्तियों, शिलालेखों और प्रदर्शनियों का आवास है। यह हालेबिदु में एक खुली हवा वाला संग्रहालय है, जहां पर इतिहास और कला के प्रति उत्साही लोगों को जरूर जाना चाहिए। यहां की सबसे महत्वपूर्ण मूर्तियों में नटराज, नृत्य करते गणेश, तीर्थंकर की कांस्य प्रतिमा और वीणा सरस्वती शामिल हैं। यह संग्रहालय शुक्रवार को छोड़कर सभी दिन सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक खुला रहता है।