Page Loader
दिल्ली में यमुना नदी फिर खतरे के निशान से ऊपर, सरकार बोली- हम तैयार
दिल्ली में एक बार फिर यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है

दिल्ली में यमुना नदी फिर खतरे के निशान से ऊपर, सरकार बोली- हम तैयार

लेखन आबिद खान
Jul 23, 2023
11:10 am

क्या है खबर?

दिल्ली में यमुना का जलस्तर फिर बढ़ने लगा है। आज सुबह पुराने रेलवे ब्रिज पर यमुना नदी का जल स्तर 205.75 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से ऊपर है। पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही बारिश के बाद हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से 2 लाख क्यूसेक से भी ज्यादा पानी छोड़ा गया है। इससे यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए दिल्ली सरकार हाई अलर्ट पर है।

तैयारी

सरकार बोली- हर घटनाक्रम पर हमारी नजर

आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार में मंत्री आतिशी ने कल कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार घटनाक्रम पर करीब से नजर रख रही है। उन्होंने कहा, "केंद्रीय जल आयोग के नवीनतम अपडेट के अनुसार, ऐसी संभावना है कि कल शाम तक यमुना में जल स्तर खतरे के निशान को पार कर सकता है। सरकार इन संवेदनशील क्षेत्रों में तत्काल निकासी करने के लिए पूरी तरह तैयार है और हर घटनाक्रम पर बारीकी से नजर रख रही है।"

नोएडा

नोएडा में कई घर डूबे

उत्तर प्रदेश के नोएडा में हिंडन नदी का जलस्तर बढ़ने से कई घर डूब गए हैं। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है। समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "निचले इलाकों में कुछ घरों में पानी घुस गया है। एहतियात के तौर पर लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। फिलहाल स्थिति सामान्य है और हम जल स्तर की निगरानी कर रहे हैं।"

रिकॉर्ड

यमुना ने तोड़ा था 45 साल पुराना रिकॉर्ड

दिल्ली में एक हफ्ते पहले यमुना ने 45 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया था। तब नदी में पानी अपने उच्चतम स्तर 208.65 मीटर पर पहुंच गया था। इसके बाद कई निचले इलाके डूब गए थे, रास्ते बंद हो गए थे और पानी सुप्रीम कोर्ट परिसर और लाल किले की दीवार तक पहुंच गया था। सैकड़ों लोगों को राहत शिविरों में भेजा गया था, जो अभी भी वहीं रह रहे हैं।

राज्य

कई राज्यों में बारिश से हालात खराब

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात और महाराष्ट्र में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र में भारी बारिश से नवसारी और जूनागढ़ शहर सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। महाराष्ट्र में भिवंडी, यवतमाल और रायगढ़ में भी हालात खराब हैं। रायगढ़ में भूस्खलन से 27 लोगों की मौत हो गई है। 81 लोग अब भी लापता हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हादसे से अनाथ हुए बच्चों को गोद लेने का ऐलान किया है।