Page Loader
भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, देश के कई हिस्सों में एक हफ्ते तक नहीं चलेगी लू
भारतीय मौसम विभाग ने एक हफ्ते तक देश के कई हिस्सों में लू न चलने की संभावना जताई (तस्वीर: pixabay)

भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, देश के कई हिस्सों में एक हफ्ते तक नहीं चलेगी लू

लेखन गजेंद्र
Apr 24, 2023
06:31 pm

क्या है खबर?

भीषण गर्मी के बीच भारतीय मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि अगले 7 दिनों तक देश के कई हिस्सों में लू नहीं चलेगी। इसके अलावा उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में बारिश हो सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बुधवार से और उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में शुक्रवार से बारिश की संभावना है। मंगलवार से गुरुवार के बीच मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना और दक्षिणी मध्य प्रदेश में आंधी आएगी। दक्षिणी राज्यों में अगले 3-4 दिनों तक बारिश होने की संभावना है।

मौसम

लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश

सोमवार को दोपहर बाद उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में भारी बारिश हुई। इस दौरान काले बादल छा गए और तेज रफ्तार आंधी चली। बता दें कि भारत के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से लू की स्थिति का सामना करना पड़ रहा था। रविवार को उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री और अन्य हिस्सों में 30 से 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।