Page Loader
कई राज्यों में बारिश-अंधड़ से बदला मौसम का मिजाज, दिल्ली में सड़कें बनी नदियां 
दिल्ली में बारिश के कारण कई जगह जलभराव हाे गया (तस्वीर: एक्स/@KrrishK71959470)

कई राज्यों में बारिश-अंधड़ से बदला मौसम का मिजाज, दिल्ली में सड़कें बनी नदियां 

May 25, 2025
09:59 am

क्या है खबर?

देशभर में शनिवार (24 मई) रात को मौसम का मिजाज बदल गया। कई जगह अंधड़ और बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है। केरल में मानसून के दस्तक देने के बाद देर रात और रविवार तड़के राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तेज अंधड़ के बाद आई बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पश्चिम और पूर्वोत्तर इलाकों में बारिश और कुछ जगहों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

परेशानी 

तेज बारिश से दिल्ली हुई पानी-पानी 

दिल्ली में बीती रात जमकर बारिश हुई, जिससे मिंटो रोड, द्वारका फ्लाईओवर, चाणक्यपुरी, सुब्रतो पार्क इलाका और दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल-1 के पास जलभराव हो गया और कई जगह पेड़ गिरने से ट्रैफिक जाम हुआ। रविवार सुबह भी गई जगह बारिश होने के साथ तेज हवाएं चलीं। अधिकतम तापमान 2 डिग्री गिरकर 38.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री रह गया। खराब मौसम के कारण 100 से अधिक उड़ाने प्रभावित हुई, जिनमें से 49 को डायवर्ट किया गया।

ट्विटर पोस्ट

दिल्ली में तेज बारिश से हुआ जलभराव 

जलभराव 

मुबंई में बारिश का दौर जारी 

महाराष्ट्र में भी मौसम पूरी तरह पलट गया है। कल रात ठाणे, मुंबई समेत कई इलाकों में जमकर बारिश हुई। आज सुबह भी बारिश देखने को मिली है। मौसम विभाग ने कहा कि अलगे 7 दिन महाराष्ट्र गोवा समेत, गुजरात, कर्नाटक और केरल के तटीय इलाकों में 200mm तक बारिश हो सकती है। इस दौरान 70 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी। बिहार, झारखंड और ओडिशा में 26 मई तक झमाझम बारिश होने के आसार हैं।

ट्विटर पोस्ट

मुंबई में आज सुबह से शुरू हुआ बारिश का दौर 

अलर्ट 

कहीं अंधड़ तो कहीं लू का अलर्ट

राजस्थान के कई जिलों में शनिवार रात आए अंधड़ और रविवार सुबह हुई बूंदाबांदी से मौसम सुहाना हो गया। कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। प्रदेश का बाड़मेर शनिवार को सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 47.6 डिग्री तक पहुंच गया। पश्चिमी राजस्थान में लू की स्थिति रहने के साथ अंधड़ चलने का पूर्वानुमान है। आज से नौतपा शुरू हो गया है, जिससे तापमान 50 डिग्री तक पहुंचने की आशंका है।

राहत 

इन राज्यों में भी गर्मी से राहत 

उत्तर प्रदेश में शनिवार रात को अंधड़ और कुछ इलाकों में बूंदाबांदी से मौसम बदल गया है। आज भी प्रदेश के 9 जिलों में धूल भरी आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में बादल गरजने और बिजली गिरने के साथ 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा मौसम विभाग ने बिहार के 18 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मानसून 

समय से पहले केरल पहुंचा मानसून 

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने तय समय (1 जून) से 8 दिन पहले केरल में दस्तक दे दी है। पिछले 16 सालों में मानसून इस साल सबसे पहले पहुंच रहा है। आखिरी बार 2009 में इतनी जल्दी 23 मई को आया था। इससे यहां भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण तबाही मच गई। घरों और फसलों को नुकसान पहुंचा और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। आज 5 जिलों में बारिश का रेड और 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया।