
तूफान-बारिश का सिलसिला आज भी रहेगा जारी, अगले सप्ताह कैसा रहेगा मौसम?
क्या है खबर?
देश में आज (7 मई) को कई इलाकों में तूफान-बारिश के चलते मौसम सुहाना रहेगा। कुछ हिस्सों में आसमान साफ रहने से गर्मी बढ़ने के आसार बने हुए हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मैदानी इलाकों में तेज हवा चलने के साथ बारिश होने की संभावना है, जबकि पहाड़ों पर बर्फबारी हो सकती है।
इस दौरान अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 28-38 डिग्री के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम 21-28 डिग्री तक रहने का अनुमान है।
गर्मी
उत्तर प्रदेश में फिर शुरू होगा गर्मी का दौर
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर धूप तेज होना शुरू हो गई है। यही कारण है कि मंगलवार (6 मई) को प्रदेश के प्रयागराज में तापमान 39.3 डिग्री तक पहुंच गया।
प्रदेश के 21 जिलों में आज गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान कुछ जगह 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
आने वाले दिनों में यहां अधिकतम तापमान 3-5 डिग्री और न्यूनतम में 2-4 डिग्री तक बढ़ सकता है।
गिरावट
राजस्थान में 14 डिग्री तक गिरा तापमान
पश्चिमी विक्षोभ के चलते राजस्थान में अंधड़ और बारिश के चलते तापमान सामान्य से 14 डिग्री तक नीचे गिर गया है। इससे सप्ताह के अंत तक गर्मी से राहत रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 22 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान जताया है। यहां 6 जिलों में ऑरेंज और बाकी में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
दक्षिणी और पूर्वी इलाकों में अगले 4-5 दिन तक मौसम खराब रहने की संभावना है।
पूर्वानुमान
यहां हो सकती है भारी बारिश
IMD ने आज महाराष्ट्र में बारिश होने की संभावना जताई है और सप्ताह अंत तक ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं। मुंबई में आर्द्रता बढ़ने के साथ 7-8 मई को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में 7-8 मई को भारी बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि का रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट है।
हिमाचल प्रदेश में 9 मई तक बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।
राहत
दिल्ली में कब तक रहेगी गर्मी से राहत?
दिल्ली में आज सुबह से ही बादल छाए हुए हैं, जिससे मौसम खुशनुमा बना है। इसके साथ ही हल्की बारिश के साथ 15-25 किमी/घंटा की गति से हवा चल सकती है।
इस दौरान अधिकतम 36 और न्यूनतम 24 डिग्री के आस-पास रहेगा। IMD के अनुसार, राजधानी में गर्मी से राहत इस सप्ताह के अंत तक रहने का अनुमान है।
8 और 9 मई को भी यहां कहीं-कहीं हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है।