Page Loader
दिल्ली में भारी बारिश से सड़कें बनी नदियां, कई राज्यों में अलर्ट जारी 
दिल्ली NCR में आज सुबह भारी बारिश हुई है (तस्वीर: एक्स/@iAtulKrishan1)

दिल्ली में भारी बारिश से सड़कें बनी नदियां, कई राज्यों में अलर्ट जारी 

May 02, 2025
09:07 am

क्या है खबर?

राजधानी दिल्ली में शुक्रवार (2 मई) को मौसम पूरी तरह बदल गया। आज सुबह करीब 5 बजे से तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है, जिससे जगह-जगह जलभराव हो गया। खराब मौसम के चलते कई उड़ाने भी प्रभावित हुई हैं, जबकि तूफान के कारण कई जगह नुकसान होने की खबरें सामने आई हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने हरियाणा, उत्तर प्रदेश राजस्थान में तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई है।

परेशानी 

अंधड़ से हुआ नुकसान

दिल्ली NCR में बारिश का सिलसिला देर रात से शुरू हुआ, जो सुबह होने तक तेज हो गया। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। अंधड़ के कारण दक्षिणी दिल्ली के जाफरपुर कलां में एक मकान पर पेड़ गिरने से 3 बच्चों की मौत हो गई, वहीं छावला में एक घर की छत गिरने से 4 लोग मलबे में दब गए। मौसम विभाग ने 3 मई तक आंधी, बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।

ट्विटर पोस्ट

दिल्ली में आज सुबह हुई बारिश से जलभराव 

अलर्ट 

इन राज्यों में भी अंधड़-बारिश का अलर्ट

IMD ने 3 मई तक बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 60 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी आने के साथ बिजली गिरने और बारिश होने की संभावना जताई है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी आज बारिश होने के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन राज्यों में 6 मई तक गरज, बिजली और 40-60 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने के आसार बने हुए हैं।

पहाड़ी राज्य 

पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?

मैदानी इलाकों के साथ ही पहाड़ी राज्यों में भी मौसम पूरी तरह से बदलता नजर आ रहा है। इन राज्यों में भी आफत का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 6 मई के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज, बिजली और 40-60 किमी/घंटा की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 3 मई को उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि और 60 किमी/घंटा की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं।

दक्षिण राज्य 

दक्षिण राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी 

दक्षिण भारतीय राज्यों में भी बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। अगले 6 दिनों के दौरान कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में गरज के साथ बारिश की संभावना है। अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में गरज के साथ तेज हवाएं चलने के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग ने 5 मई को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।