
पहाड़ों पर आसमान से बरस रही आफत, कहीं बादल फटे तो कहीं हो रहा भूस्खलन
क्या है खबर?
मानसून की भारी बारिश पहाड़ी राज्यों में आफत लेकर आई है। इसके चलते हिमाचल प्रदेश में तबाही मची हुई है। इसके अलावा उत्तर और मध्य भारत के राज्यों में जनजीवन प्रभावित हो रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, ओडिशा में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश होने के आसार हैं। दूसरी तरफ दिल्ली में बारिश का सिलसिला थमने के साथ एक बार फिर उमस-गर्मी पड़ने की संभावना है।
आफत
पहाड़ी राज्यों में बढ़ी परेशानी
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को 11 स्थानों पर बादल फटने की घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान कई मकानों को नुकसान हुआ है, जबकि 400 से ज्यादा सड़कें बंद हैं। इसके अलावा प्रदेश में सैंकड़ों ट्रांसफार्मर खराब होने और पेयजल योजनाओं को नुकसान पहुंचने से बिजली और जलापूर्ति बाधित है। उत्तराखंड में भी बारिश से भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं। इसके चलते रुद्रप्रयाग और यमुनोत्री मार्ग पर अमरनाथ यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
ट्विटर पोस्ट
हिमाचल प्रदेश की नदियों में पानी की भारी आवक
#WATCH | Mandi, Himachal Pradesh: Due to very heavy rainfall in the region, the Beas River is experiencing severe flooding
— ANI (@ANI) July 2, 2025
The India Meteorological Department (IMD) has issued a red alert in Himachal Pradesh pic.twitter.com/VIfegyDuPz
मानसून
मुंबई में फिर सक्रिय होगा मानसून
कुछ दिनों की रुकावट के बाद मुंबई और इसके आस-पास के इलाकों में बुधवार से मानसून फिर सक्रिय हो सकता है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि रायगढ़ जिले के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 31 और 27 डिग्री के आस-पास रहेगा।
बदलाव
दिल्ली में फिर बदलेगा मौसम
देश की राजधानी दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में बुधवार सुबह से ही हल्के बादल छाए हुए हैं और कुछ जगह हल्की बूंदाबांदी भी हुई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री तक पहुंच सकता है और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) भी 'संतोषजनक' की श्रेणी में है। एक सप्ताह तक तेज बारिश के आसार नहीं है, जिससे उमस का असर तेज हो सकता है, लेकिन तापमान सामान्य से कम रहेगा।
अलर्ट
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मानसून ने जोर पकड़ लिया है, जिसके चलते 1 जुलाई को लखनऊ, प्रयागराज, मेरठ और वाराणसी समेत कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। प्रदेश में बुधवार को भी कई जगहों पर भारी से भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अगले 48 घंटों में दक्षिणी हिस्से में भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। दूसरी तरफ मध्य प्रदेश के 27 जिलों में भारी बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
बारिश
इस राज्य में अब तक सामान्य से अधिक बारिश
मानसून की अच्छी शुरुआत के चलते राजस्थान में अब तक सामान्य से 128 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। राज्य के 90 से ज्यादा बांध लगभग भर चुके हैं। माैसम विभाग ने जयपुर, अजमेर, अलवर, भरतपुर, कोटा समेत कई जिलों में अगले 3 दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। साथ ही हरियाणा में मानसून असर दिखा रहा है। यहां करनाल, यमुनानगर, अंबाला, पानीपत, सोनीपत समेत 17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।