
पूर्वोत्तर राज्यों में झमाझम बरसेंगे मेघ, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
क्या है खबर?
गर्मी से तप रहे उत्तर भारत में रविवार (1 जून) से मौसम पलट सकता है। राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार जैसे राज्यों में आंधड़, बिजली गिरने और बारिश की संभावना है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पूर्वोत्तर राज्यों और हिमाचल प्रदेश के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
असम में पिछले 3 दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण बाढ़ के हालात बने हुए हैं और कई राज्यों में भूस्खलन की घटना सामने आ रही हैं।
भारी बारिश
इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
कई राज्यों में मानसून की दस्तक के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया है। असम में पिछले 3 दिनों से हो रही भारी बारिश रविवार को जारी रहेगी।
मेघालय पर बने कम दबाव के क्षेत्र और अरुणाचल प्रदेश पर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से आने वाले दिनों में पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश होगी।
इसके अलावा केरल, कर्नाटक, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में कुछ स्थानों पर झमाझम बारिश के आसार हैं।
हादसे
हादसों में गई कई लोगों की जान
अरुणाचल प्रदेश में भारी भूस्खलन के कारण 9 लोगों और मेघालय में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 3 लोगों की जान चली गई।
त्रिपुरा में एक व्यक्ति, असम में 17 जिलों में बाढ़ आने से 8 लोगों को जान गंवानी पड़ी। मिजोरम में भारी भूस्खलन के कारण 13 घर तबाह हो गए और एक व्यक्ति की मौत हो गई।
कर्नाटक में मानसून पूर्व की बारिश ने 125 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है और 71 लोगों की मौत हो गई।
पहाड़ी राज्य
पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तराखंड में भारी बारिश हो सकती, जबकि हिमाचल प्रदेश में 1 और 2 जून को हल्की से भारी बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के सोलन, शिमला और सिरमौर जिले में भारी बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां लाहुल स्पीति जिले सहित रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा दर्रे में शनिवार को बर्फबारी देखने को मिली।
जम्मू-कश्मीर में अगले सप्ताह से हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
राहत
इन राज्यों में गर्मी से मिलेगी राहत
राजस्थान में बादल छाए रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, जबकि पूर्वी इलाकों में रविवार आंधड़ चलने के साथ बारिश होने का अनुमान है।
2 जून से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान में बारिश की गतिविधि तेज होगी।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, बिहार और मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। मुंबई में पूरे सप्ताह हल्की बारिश होने की संभावना है।
तापमान
दिल्ली के तापमान में आएगी गिरावट
दिल्ली में शनिवार शाम को कई इलाकों में तेज हवा चलने और कुछ इलाकों में हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। 1 जून को यहां बादल छाए रहने की संभावना जताई है।
इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 38 डिग्री और 26 डिग्री के आस-पास रह सकता है।
2-4 जून तक राजधानी में बारिश की संभावना है, जबकि 5-6 जून को बादल छाए रहेंगे। इसके चलते तापमान में 1-2 डिग्री की गिरावट आ सकती है।