Page Loader
अरुणाचल प्रदेश: भूस्खलन के बाद वाहन के खाई में गिरने से 7 लोगों की मौत
अरुणाचल में भूस्खलन की चपेट में आकर खाई में गिरी कार (तस्वीर: प्रतीकात्मक)

अरुणाचल प्रदेश: भूस्खलन के बाद वाहन के खाई में गिरने से 7 लोगों की मौत

May 31, 2025
12:14 pm

क्या है खबर?

अरुणाचल प्रदेश में शुक्रवार रात को एक दुखद हादसा हुआ है। बाना-सेप्पा रोड पर तेज बारिश के बीच आए भूस्खलन की चपेट में आकर एक कार खाई में जा गिरी। इससे कार में सवार 7 लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकाले का प्रयास किया, लेकिन तेज बारिश और खराब मौसम के कारण राहत कार्य में परेशानी आ रही है।

हादसा

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस ने बताया कि कार में सवार 2 परिवारों के 7 लोग अपने घर जा रहे थे। उसी दौरान अचानक हुए भूस्खलन के मलबे में उनकी कार चपेट में आ गई और खाई में जा गिरी। पुलिस ने बताया कि मृतकों में संजू बाडी (32), उनकी पत्नी तसुम बाडी, उनके 2 बच्चे कचुंग (5) और निचा (2), एक गर्भवती महिला सिची यामे और उनके 2 बच्चे शामिल हैं। बचाव दल शवों को निकालने के प्रयासों में जुटा हुआ है।

अन्य

भूस्खलन में फंसी एक अन्य कार

कई यात्रियों से भरी एक सूमो कार भी भूस्खलन के मलबे में फंस गई, लेकिन वह सड़क के किनारे ही रुक गई। ऐसे में कार में सवार किसी भी यात्री को चोट नहीं आई, हालांकि वे इस घटना से सहम गए। बाना-सेप्पा सड़क मानसून के मौसम में अक्सर भूस्खलन के लिए कुख्यात है और स्थानीय लोग अक्सर सड़क की खराब स्थिति और चेतावनी प्रणालियों की कमी के बारे में शिकायत करते रहे हैं।