LOADING...
दिल्ली में तय समय से 10 दिन पहले पहुंचेगा मानसून, भीषण गर्मी से मिलेगी राहत
दिल्ली में तय समय से 10 दिन पहले आएगा मानसून (तस्वीर: एक्स/@HimalayanMailJK)

दिल्ली में तय समय से 10 दिन पहले पहुंचेगा मानसून, भीषण गर्मी से मिलेगी राहत

लेखन गजेंद्र
Jun 13, 2025
04:16 pm

क्या है खबर?

दिल्ली की भीषण गर्मी ने लोगों को पसीना-पसीना कर दिया है। हालांकि, इससे जल्द ही निजात मिलने वाली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने संभावना जताई है कि इस बार दक्षिण-पश्चिमी मानसून दिल्ली में अपने तय समय से 10 दिन पहले पहुंच जाएगा। आमतौर पर राष्ट्रीय राजधानी में मानसून 30 जून के आसपास प्रवेश करता है, लेकिन इस बार यह 20 जून तक दस्तक दे सकता है। मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है।

मानसून

दिल्ली में तापमान 45 डिग्री तक पहुंचा

दिल्ली में अधिकतम तापमान जहां 45 डिग्री तक पहुंच गया है, वहीं न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। उमस से लोग परेशान हैं। गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, वहीं शुक्रवार तड़के न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक 31 डिग्री पर था। मौसम विभाग 14 जून से 19 जून तक बारिश की संभावना जता रहा है, जो मानसून पूर्व बारिश होगी।

बारिश

उत्तर प्रदेश और बिहार समेत अन्य राज्यों में 15 जून तक पहुंचेगा मानसून

पिछले 10 दिनों से पूरे देश में मानसून में ठहराव था, जो अब फिर से चल पड़ा है। बुधवार से केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, कोंकण और महाराष्ट्र समेत कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। मानसून का दूसरा चरण पूर्वी भारत में फैलेगा। इससे अगले सप्ताह से पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश शुरू होगी। 20 जून के बाद दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब समेत उत्तर भारत के अन्य राज्यों में मानसून सक्रिय हो जाएगा।