Page Loader
दिल्ली-NCR में बारिश से तापमान घटा और बढ़ी सर्दी, हवा की गुणवत्ता में मामूली सुधार
दिल्ली-NCR में बारिश से बढ़ी सर्दी (तस्वीर: एक्स/@AIRNewsHindi)

दिल्ली-NCR में बारिश से तापमान घटा और बढ़ी सर्दी, हवा की गुणवत्ता में मामूली सुधार

लेखन गजेंद्र
Jan 16, 2025
09:46 am

क्या है खबर?

दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार तड़के हुई बारिश से ठंड बढ़ गई। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, सफदरजंग वेधशाला में 3.7 मिमी, पूसा वेधशाला में 7.5 मिमी बारिश और पालम वेधशाला में आधी रात से 9 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बारिश की वजह से दिल्ली आने वाली और दिल्ली से जाने वालीं 29 ट्रेनें लेट हुई हैं। कोहरा भी हल्का छंटा है।

बारिश

21 जनवरी को भी बारिश

IMD के मुताबिक, पश्चिमी चक्रवाती विक्षोभ के कारण नमी आई है, जिससे दिल्ली और नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद सहित अन्य पड़ोसी शहर के इलाकों में बारिश हुई है। बारिश की संभावना 21 जनवरी को भी दिख रही है। उससे पहले काफी घना कोहरा छाने की संभावना है। बारिश की वजह से दिल्ली का अधिकतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे है। बारिश से वायु की गुणवत्ता भी हल्की सुधरी है।

ट्विटर पोस्ट

दिल्ली में तड़के हुई बारिश

जानकारी

वायु की गुणवत्ता में कितना हुआ सुधार

दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बुधवार को 386 दर्ज किया गया था, जो गुरुवार सुबह बारिश के बाद थोड़ा सुधरकर 343 पर आ गया। दोनों ही 'बहुत खराब' श्रेणी में आते हैं। गुरुवार शाम तक इसमें सुधार होने की संभावना दिख रही है।