Page Loader
केरल से असम तक भारी बारिश से बिगड़े हालात, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी 
मौसम विभाग ने कई राज्यों में शनिवार को भारी बारिश की चेतावनी दी है

केरल से असम तक भारी बारिश से बिगड़े हालात, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी 

May 31, 2025
09:24 am

क्या है खबर?

दक्षिण-पश्चिम मानसून के समय से पहले आने के कारण केरल से लेकर महाराष्ट्र तक आफत की बारिश हो रही है। तापमान में गिरावट आने से 25 मई से शुरू हुआ नौतपा बेअसर हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार (31 मई) को कई राज्यों के लिए भारी बारिश का 'रेड अलर्ट' जारी किया है। उत्तर-पश्चिमी में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने, गरज के साथ बारिश से अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है।

आफत 

इन राज्यों में आफत की बारिश

असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय के अधिकांश इलाकों में भारी बारिश के कारण स्थिति बिगड़ गई है। गुवाहाटी में गुरुवार रात से भारी बारिश हो रही है, जिससे शहर के लगभग सभी इलाकों में जलभराव हो गया है। इसके चलते कई इलाकों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। केरल में बारिश जनित हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। 60 राहत शिविरों में लगभग 2,000 लोगों को ठहराया गया है।

मानसून 

कहां तक पहुंचा मानसून?

मानसून की चाल पर नजर डालें तो केरल में 18 दिन पहले ही दस्तक दे चुका है, जिसके बाद अन्य राज्यों की तरफ बढ़ रहा है। अभी मानसून महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के शेष हिस्सों में भी फैल गया है। स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के अनुसार,अगले 24-48 घंटों के बीच इसके छत्तीसगढ़, ओडिशा, पूर्वोत्तर राज्यों, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है।

अंधड़-बारिश 

इन राज्यों में बारिश-अंधड़ के आसार

मानसून पहले आने की वजह से इस बार उत्तर प्रदेश में नौतपा बेअसर होता दिख रहा है। प्रदेश में आज 50 जिलों में बादल छाए रहने के साथ बारिश का अनुमान है। दूसरी तरफ IMD ने बिहार में के 11 जिलों में बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी है। 3 जून तक कई जिलों में बारिश का अनुमान है। राजस्थान में कुछ जगह बादल छाए रहेंगे, जबकि 2 जून से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से अंधड़-बारिश होने के आसार हैं।

पहाड़ी राज्य 

पहाड़ों पर भी बारिश का दौर जारी 

पहाड़ी राज्यों में भी बारिश का दौर शुरू हो गया है। जम्मू-कश्मीर में गुरुवार रात से शुरू हुआ बारिश का दौर शुक्रवार को जारी रहा और आज भी बारिश हुई है। इसके साथ ही कई इलाकों में ओलावृष्टि देखने मिल रही है। उत्तराखंड़ में आज बादल छाए रहने के साथ बारिश होने के आसार हैं। इसके साथ ही 3 जून तक ऐसा ही मौसम रह सकता है। सिक्कम में बारिश के कारण भूस्खलन देखने को मिल रहा है।

ट्विटर पोस्ट

असम में बारिश से जगह-जगह भरा पानी

राहत 

राजधानी में मिलेगी गर्मी से राहत 

दिल्ली में आने वाले कुछ दिनों तक मानसून पूर्व की गतिविधियों के चलते रुक-रुक कर बारिश देखने को मिल सकती है। 5 जून तक आशिंक रूप से बादल छाए रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। शनिवार को धूल भरी आंधी चलने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने का अनुमान है। राजधानी में मई में 188.9 मिलीमीटर बारिश के साथ पिछले सभी रिकॉर्ड टूट गए।