Page Loader
NEET-UG 2025 का परिणाम जारी: राजस्थान के महेश टॉपर, छात्राओं में अविका ने लहराया परचम
NEET-UG 2025 का परिणाम जारी हो गया है

NEET-UG 2025 का परिणाम जारी: राजस्थान के महेश टॉपर, छात्राओं में अविका ने लहराया परचम

लेखन आबिद खान
Jun 14, 2025
02:07 pm

क्या है खबर?

राष्ट्रीय प्रवेश-सह पात्रता परीक्षा (NEET)-UG 2025 का परिणाम जारी हो गया है। राजस्थान के महेश केसवानी ने पहली और इंदौर के उत्कर्ष अवधिया ने दूसरी रैंक प्राप्त की है। महेश को 720 में से 686 नंबर मिले हैं, जबकि उत्‍कर्ष ने 682 नंबर लाकर ऑल इंडिया रैंक 2 हासिल की है। छात्राओं में दिल्ली की अविका अग्रवाल ने 5वीं रैंक प्राप्त की है। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने बताया कि इस साल 12.36 लाख अभ्यर्थियों ने क्वालिफॉई किया है।

तरीका

ऐसे चेक करें अपना परिणाम

सबसे पहले NEET की ऑफिशियल वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाएं। फिर होमपेज पर 'NEET UG 2025 रिजल्ट' पर क्लिक करें। यहां अपना लॉगिन क्रेडेंशियल जैसे एडमिट कार्ड नंबर, जन्म तिथि और कैप्चा कोड दर्ज करें। अब आपका परिणाम दिख जाएगा। आप यहीं से अपना स्कोरकार्ड भी डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा neet.ntaonline.in या exam.nta.ac.in पर भी परिणाम देखा जा सकता है। बता दें कि NEET-UG परीक्षा 4 मई को हुई थी।

परिणाम

75 उम्मीदवारों का परिणाम जारी नहीं

फिलहाल 75 उम्मीदवारों का परिणाम जारी नहीं किया गया है। इन सभी ने इंदौर के कुछ केंद्रों पर परीक्षा दी थी, लेकिन आंधी-तूफान और बिजली चली जाने की वजह से इनका परीक्षा बिगड़ गई थी। प्रभावित छात्रों ने मध्य प्रदेश हाई कोर्ट का रुख किया था। इसके बाद 9 जून को कोर्ट ने सुनवाई करते हुए NTA को इन 75 उम्मीदवारों को छोड़कर बाकी सभी का परिणाम जारी करने का आदेश दिया था।

टॉपर

टॉप-10 में आने वाले छात्रों के बारे में जानिए

तीसरे नंबर पर महाराष्ट्र के कृषांग जोशी हैं, जिन्हें 681 नंबर मिले हैं। इसके बाद चौथे नंबर पर दिल्ली के मृणाल किशोर (681), पांचवें पर दिल्ली की अविका अग्रवाल (680), छठे पर गुजरात के जेनिल विनोदभाई भयानी, सातवें पर पंजाब के केशव मित्तल, आठवें पर गुजरात के भव्य चिराग झा, नवें पर दिल्ली के हर्ष केदावत और दसवें पर महाराष्ट्र के आरव अग्रवाल हैं। टॉप-10 में केवल एक छात्रा जगह बना पाई है।

परीक्षा

कितना रह सकता है कटऑफ?

भारत के शीर्ष मेडिकल संस्थान में दाखिले के लिए उम्मीदवार NEET परीक्षा में भाग लेते हैं। इस साल 22.7 लाख उम्मीदवारों ने NEET UG के लिए पंजीयन कराया था। इनमें 13.76 लाख छात्राएं और 9.98 लाख छात्र थे। 20.8 लाख उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे। परीक्षा परिणाम के आधार पर अब काउंसलिंग होगी। जानकारों का मानना है कि MBBS में प्रवेश के लिए सामान्य श्रेणी का कटऑफ 660 से 670 के बीच रह सकता है।