Page Loader
चक्रवात के असर से शुरू हुई बारिश, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम 
चक्रवात के कारण आज कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है (प्रतीकात्मक तस्वीर: पिक्साबे)

चक्रवात के असर से शुरू हुई बारिश, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम 

Feb 18, 2025
09:02 am

क्या है खबर?

बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। इसके चलते आज (18 फरवरी) कई राज्यों में सुबह हुई बारिश से मौसम पलट गया है। इसके साथ ही कुछ जगह कोहरा भी देखने को मिल रहा है, जिससे जाती हुई सर्दी फिर से लौट आई है। इसके अलावा आज कई जगह बादल छाए रह सकते हैं। 20 फरवरी तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा और तापमान में गिरावट के कारण ठंड़ एक बार फिर जोर पकड़ेगी।

बारिश 

राजस्थान में आज सुबह बदल गया मौसम

राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से बढ़ रहे तापमान पर आज ब्रेक लग गया। पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश में राजधानी जयपुर में आज सुबह हल्की बारिश से मौसम फिर से ठंड़ा हो गया। मौसम विभाग ने 11 जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। 20 फरवरी तक उत्तर-पश्चिमी व उत्तरी हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ बारिश होने के आसार हैं। प्रदेश में सोमवार को सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 35.0 डिग्री दर्ज किया गया।

चेतावनी 

दिल्ली में अंधड़-बारिश का अलर्ट

देश की राजधानी दिल्ली में भी बढ़ रहे तापमान से गर्मी महसूस कर रहे लोगों को पश्चिमी विक्षोभ से राहत मिलने की संभावना है। 19 फरवरी को यहां अंधड़ के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है। इसके अलावा 20 फरवरी को बादल छाए रहने के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। इससे तापमान में कुछ गिरावट हो सकती है। आज अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री तक रह सकता है।

पूर्वानुमान 

उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में भी मौसम पलट सकता है। यहां आज बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने के संकेत हैं। अगले 2 दिन में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादलों की आवाजाही के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट है। स्काईमेट के अनुसार, 18 से 20 फरवरी तक तेज हवाओं के साथ पश्चिमी हिस्से समेत कुछ मध्य भाग में बारिश की संभावना बन सकती है। जहां मौसम शुष्क रहेगा, वहां सुबह कोहरा छाने के साथ गलन रहेगी।

बर्फबारी 

बर्फबारी-बारिश से बढ़ेगी सर्दी 

हिमाचल प्रदेश में आज कुल्लू, मनाली, रोहतांग और अटल टनल समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। प्रदेश में कई जगह तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर में बारिश नहीं होने से अधिकतम तापमान बढ़ता जा रहा है। घाटी में एक तरफ जहां न्यूनतम तापमान शून्य के नीचे दर्ज हो रहा है, वहीं अधिकतम तापमान 18 डिग्री तक पहुंच गया है, जो सामान्य से 7.6 डिग्री अधिक है।