Page Loader
उत्तर भारत में आज भी कई जगह होगी बारिश, कोहरे का भी अलर्ट जारी 
दिल्ली में कोहरे के कारण कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं (तस्वीर: एक्स/@Karishmaka45524)

उत्तर भारत में आज भी कई जगह होगी बारिश, कोहरे का भी अलर्ट जारी 

Jan 12, 2025
09:17 am

क्या है खबर?

उत्तर भारत के कई राज्यों में शनिवार को हुई बारिश से मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। इसके चलते रविवार सुबह घना कोहरा छाने के साथ बादल छाए हुए हैं। ठिठुरन इतनी बढ़ चुकी है कि लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज भी कई जगह बादल छाए रहने के साथ बूंदाबांदी और कोहरे का अलर्ट जारी किया है। दूसरी तरफ पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने की चेतावनी है।

बर्फबारी 

पहाड़ों पर जारी रहेगा बर्फबारी का सिलसिला 

जम्मू-कश्मीर में ऊंचाई वाले इलाकों में आज हल्की बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है। आसमान साफ रहने के कारण कश्मीर में रात का तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का कहर जारी है और रविवार को निचले और मैदानी इलाकों में मध्यम बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा-पंजाब और जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली 

दिल्ली में अभी इतना गिरेगा पारा 

दिल्ली NCR में आज बादल छाए रहने के साथ बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। दिल्ली के कुछ हिस्सों में शनिवार शाम को हल्की बारिश हुई इससे तापमान में 1 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है। इसके चलते अधिकतम तापमान 18-22 डिग्रीके बीच और न्यूनतम 6-8 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। आज सुबह से राजधानी कोहरे की चपेट में है, जिससे दृश्यता कम हो गई। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

राजस्थान 

राजस्थान में इन जगहों पर आज भी हाेगी बारिश 

नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राजस्थान के मौसम में अचानक बदलाव आया है और कई जगह बारिश तथा वज्रपात के बीच कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। राज्य के कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के फलोदी में सबसे अधिक 2.8mm बारिश दर्ज की गई, जबकि सबसे कम तापमान फतेहपुर में 6.8 डिग्री रहा है। आज भी बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग में हल्की बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है।

ट्विटर पोस्ट

राजस्थान में आज सुबह छाया नजर आया कोहरा 

उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश और बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में आज बूंदाबांदी के साथ कुछ जगह मध्यम बारिश होने के आसार हैं, जिससे मौसम बदल सकता है। इस दौरान घना कोहरा और बादल गरजने के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। बिहार में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है। यहां मकर संक्रांति तक ठंड थोड़ी नरम हो सकती है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आज बादल छाए रहेंगे और बारिश के भी आसार बन सकते हैं।