लॉकडाउन: सरकार ने फरवरी में समाप्त हुए ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य दस्तावेजों की वैधता बढ़ाई
क्या है खबर?
कोरोना वायरस के लगातार बढ़ते प्रकोप को थामने के लिए सरकार ने पूरे देश में 21 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा कर रखी है।
आवश्यक सेवाओं के अलावा अन्य सभी कार्य बंद पड़े हैं। सरकारी कार्यालयों में भी कर्मचारियों की कमी के कारण काम नहीं हो पा रहा है।
ऐसे में सरकार ने फरवरी में समाप्त हुए ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य कार्यों के धारकों को बड़ी राहत देते हुए उनकी वैधता को जून तक के लिए बढ़ा दिया है।
आदेश
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने दिए आदेश
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने देश के सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को भेजे गए सुझाव पत्र में लिखा है कि वो मोटर वाहन कानून और नियम के तहत उन दस्तावेजों को 30 जून तक वैध मानें जिनकी वैधता एक फरवरी 2020 को समाप्त हो गई है।
देशव्यापी लॉकडाउन के कारण वो लोग उनका नवीनीकरण नहीं करा पाए हैं। ऐसे में अब लोग 30 जून के बाद परिवहन विभाग से जुड़े कार्य बिना पेलल्टी के करा सकेंगे।
जानकारी
इन दस्तावेजों की भी बढ़ाई अवधि
मंत्रालय ने जिन दस्तावेजों की वैधता की अवधि बढ़ाई है, उनमें मोटर वाहन कानून के तहत फिटनेस प्रमाणपत्र, सभी प्रकार के परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस, पंजीकरण सहित अन्य सभी संबंधित दस्तावेज शामिल हैं। इनका नवीनीकरण 30 जून के बाद होगा।
कारण
जरूरी सामान की ढुलाई सुचारू रखने के लिए किया फैसला
बता दें कि लॉकडाउन के तहत सरकार ने आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन सहित जरूरी सामान की ढुलाई करने वाले वाहनों के संचालन की छूट दी है।
इनमें शामिल कई वाहनों के परमिट, चालको के लाइसेंस और पंजीयन सहित अन्य दस्तावेजों की वैधता फरवरी में समाप्त हो गई है।
ऐसे में इन वाहनों का संचालन बंद होने की उम्मीद बढ़ गई है। सरकार ने जरूरी सामान की ढुलाई के कार्य को सुचारू बनाए रखने के लिए यह निर्णय किया है।
EMI
भारतीय रिजर्व बैंक ने दी थी EMI के लिए तीन महीने की छूट
बता दें कि लॉकडाउन के कारण व्यापार ठप होने को देखते हुए गत शुक्रवार भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने भी लोगों को बड़ी राहत दी थी।
RBI ने बैंको से कहा था कि लोगों को EMI चुकाने के लिए तीन महीने की छूट दी जाए। इसे जम्मू एंड कश्मीर बैंक और बैंक ऑफ बड़ोदा ने लागू कर दिया है।
इसके अलावा केंद्र सरकार ने माल और सेवा कर (GST) जमा कराने की अंतिम तिथि को 30 जून कर दिया था।
लॉकडाउन
देश में 14 अप्रैल तक रहेगा लॉकडाउन
बता दें कि कोरोना वायरस के खतरों को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने 24 मार्च को पूरे देश में 21 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा की थी।
यह लॉकडाउन आगामी 14 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान हाईवे और राज्यों की सीमाएं सील कर दी गई हैं और केवल आपातकालीन वाहनों को ही आने-जाने की अनुमति है।
ऐसे में केवल जरूरी वस्तुओं की सप्लाई करने वाले ट्रक, अनिवार्य सेवाओं से संबंधित सरकारी वाहन और एंबुलेंस का ही संचालन हो रहा है।
जानकारी
यह है भारत में कोरोना संक्रमितों की स्थिति
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में संक्रमितों की संख्या 1,251 पहुंच चुकी है। इसी तरह अब तक कुल 32 लागों की मौत हो चुकी है। अब तक कुल 99 मरीजों को पूरी तरह से स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।