LOADING...
कोरोना वायरस: मुंबई में एकांत में रखे जाएंगे खाड़ी देशों से आने वाले 26 हजार लोग

कोरोना वायरस: मुंबई में एकांत में रखे जाएंगे खाड़ी देशों से आने वाले 26 हजार लोग

Mar 19, 2020
12:23 pm

क्या है खबर?

भारत में महाराष्ट्र में कोरोना वायरस (COVID-19) के सबसे ज्यादा मामले सामने आये हैं। यहां अब तक 45 लोग इससे संक्रमित पाए जा चुके हैं। इसी बीच BMC खाड़ी देशों से आने वाले लगभग 26,000 लोगों के स्वागत की तैयारी कर रही है। कहा जा रहा है ये लोग गुरुवार से लेकर 31 मार्च तक कोरोना वायरस से संक्रमित संयुक्त अरब अमीरात (UAE), कुवैत, कतर और ओमान आदि देशों से भारत लौटेंगे। आइये, इस बारे में विस्तार से जानते हैं।

कोरोना वायरस

विदेशों से आने वालों को एकांत में रखना अनिवार्य

BMC का अनुमान है कि करीब 26,000 लोग इन देशों से मुंबई एयरपोर्ट पर उतरेंगे। केंद्र सरकार के दिशानिर्देशों के तहत, 18 मार्च के बाद कतर, ओमान, कुवैत आदि देशों से आने वाले सभी लोगों को 14 दिनों तक क्वारंटीन में रखना अनिवार्य है। इससे पहले दुबई से मुंबई आए 15 लोगों में कोरोना वायरस पाया गया था, जिसके बाद BMC ने पवई में बने ट्रेनिंग सेंटर को क्वारंटीन सेंटर में बदला गया है।

कोरोना वायरस

BMC ने पवई में बनाया क्वारंटीन सेंटर

पवई में BMC ने इंजीनियरों को ट्रेनिंग देने के लिए सेंटर बनाया हुआ है। इसमें कई कॉन्फ्रेंस रूम बने हैं। BMC ने पहले ही यहां कई बेड लगा दिए हैं, जिन पर कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीजों को रखा जा रहा है। इसके अलावा मोराल के सेवनहिल्स अस्पताल में भी आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि खाड़ी देशों में से आने वाले अधिकतर लोग लेबर का काम करने वाले हैं।

कोरोना वायरस

अलग-अलग श्रेणी में विभाजित किए जाएंगे विदेशों से आने वाले लोग

इन लोगों के लिए इंतजाम करने में जुटे एक अधिकारी ने बताया कि इन्हें अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित किया जाएगा। जो लोग स्वस्थ होंगे और जिनके घर मुंबई में होंगे, उन्हें उनके घर में क्वारंटीन में रखा जाएगा। जो लोग स्वस्थ होंगे और मुंबई के आसपास के इलाके, नासिक और पुणे आदि के रहने वाले होंगे, उन्हें घर भेज दिया जाएगा, लेकिन उन्हें यातायात के सार्वजनिक वाहन इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होगी।

जानकारी

दूर घर वालों को मुंबई में ही रखा जाएगा

इन दो श्रेणियों के अलावा उन लोगों को 14 दिनों तक एकांत में रखा जाएगा, जिनका घर मुंबई से दूर होगा। उन्हें घर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी और BMC के ट्रेनिंग सेंटर और सेवनहिल्स अस्पताल में रखा जाएगा।

कोरोना वायरस

BMC कमिश्नर ने लिया तैयारियों का जायजा

BMC कमिश्नर प्रवीण परदेशी ने कहा कि एयरपोर्ट पर अलग-अलग देशों से आने वाले लोगों को घर, होटल और दूसरे सेंटर्स पर रखा जाएगा। अगर वो घर जाना चाहेंगे तो उन्हें निजी वाहनों से जाना होगा। BMC ऐसे लोगों को एयरपोर्ट से क्वारंटीन सेंटर लाने के लिए वाहनों का इंतजाम कर रही है ताकि वो दूसरे लोगों के संपर्क में न आ पाए। परदेशी ने इसे लेकर बुधवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया था।