उत्तर भारत समेत देश के कई इलाकों में बारिश का अनुमान, गर्मी से मिलेगी राहत
क्या है खबर?
कई हफ्तों से गर्मी से जूझ रहे उत्तर भारत में आने वाले दिन राहत भरे हो सकते हैं।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आज उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, बिहार और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में बारिश हो सकती है और कई जगह तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे लेकर विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कुछ इलाकों में कल बारिश हुई थी, जिसे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
मौसम
उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बदला मौसम
उत्तर प्रदेश में कल शाम मौसम बदल गया और मेरठ, प्रयागराज, कानपुर आदि जिलों में फुहारें गिरीं। यहां अगले एक-दो दिन आंधी चलने का अनुमान है, जिससे तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।
इसी तरह राजस्थान के कुछ इलाकों में बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद शनिवार को जयपुर समेत कई इलाकों में बारिश हुई और तापमान में अचानक से गिरावट दर्ज की गई।
जानकारी
मध्य प्रदेश में सोमवार से बारिश के आसार
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पाकिस्तान की तरफ से आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के चलते मध्य प्रदेश में सोमवार से बारिश शुरू हो सकती है और यह तीन दिनों तक जारी रहेगी। इस दौरान लोग ठंडे मौसम का आनंद उठा पाएंगे।
मौसम
दिल्ली में अभी सुहावना बना रहेगा मौसम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले तीन-चार दिनों तक बारिश और कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। रविवार को बादल छाए रहने और आंधी आने का अनुमान है।
मौसम में बदलाव के चलते लोगों को अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलेगी और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
26 मई के बाद से यहां पारा बढ़ना फिर शुरू हो सकता है और लोगों को हीटवेट का सामना करना पड़ेगा।
मौसम
पंजाब और हिमाचल का क्या हाल?
पंजाब में अगले एक-दो दिनों में अच्छी बारिश हो सकती है। इसके पीछे भी पाकिस्तान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर और बंगाल की खाड़ियों से आने वाली हवाओं का हाथ होगा।
शनिवार को पंजाब के कई जिलों में बादल छाए रहे और सोमवार से यहां बारिश का अनुमान जताया जा रहा है।
पंजाब के पड़ोसी हिमाचल प्रदेश की बात करें तो यहां बारिश, ओलावृष्टि और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
मानसून
मानसून की क्या खबर?
इस बार 16 मई को मानसून ने अंडमान-निकोबार द्वीप समूह पर दस्तक दे दी है। आमतौर पर 1 जून के आसपास केरल में मानसून पहुंचता है, लेकिन इस बार यहां पांच दिन पहले यानी 27 मई को मानसून पहुंच जाएगा।
इसके बाद अगर यह समय पर रहा तो 10 जून तक महाराष्ट्र, 15 जून तक छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार, 25 जून तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश, 30 जून तक हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और 5 जुलाई तक पश्चिमी राजस्थान पहुंचेगा।
रिकॉर्ड तोड़ गर्मी
न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)
इस साल दिल्ली समेत देश के कई इलाकों में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ी है। मार्च और अप्रैल में औसत अधिकतम तापमान अब तक के इतिहास का सबसे ज्यादा रहा था।
कई स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेताया था कि गर्मी के कारण होने वाली स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां कोरोना की संभावित चौथी लहर से भी ज्यादा चिंताजनक है।
हालिया वर्षों की बात करें तो 2016 से लेकर 2021 के बीच 1,743 लोग हीटवेव की वजह से अपनी जान गंवा चुके हैं।