Page Loader
मानसून में अपने गार्डन की खूबसूरती बढ़ाना चाहते हैं तो जरूर लगाएं ये पौधे
मानसून में लगाएं ये पौधे

मानसून में अपने गार्डन की खूबसूरती बढ़ाना चाहते हैं तो जरूर लगाएं ये पौधे

लेखन अंजली
Aug 08, 2021
02:57 pm

क्या है खबर?

मानसून का मौसम कुछ पौधों के लिए बहुत ही बेहतरीन है क्योंकि वे बारिश में ही अच्छे से पनपते हैं। इन पौधों को अतिरिक्त देखभाल की भी जरूरत नहीं पड़ती है। हालांकि बहुत कम लोगों को यह जानकारी होती है कि वह कौन से पौधे हैं जिन्हें मानसून के मौसम में लगाना चाहिए। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे पौधों के बारे में बताते हैं जिन्हें आप मानसून में अपने घर की बालकनी या फिर आंगन में लगा सकते हैं।

#1

कॉसमॉस

कॉसमॉस एक ऐसा पौधा है जिस पर साल भर फूल रहते हैं। यह पौधा लगाने के लिए गर्मी और बारिश का मौसम सबसे अच्छा होता है और यह पौधा लगभग 1.5- 4 फीट लंबा होता है। इस पौधे में लाल, गुलाबी और बैंगनी आदि रंग के फूल आते हैं। अगर आपको फूल पसंद हैं तो आप अपने गार्डन या फिर घर की बालकनी आदि में यह पौधा लगा सकते हैं।

#2

मानसून कैसिया

मानसून कैसिया को अमलतास और गोल्डन फ्लावर के नाम से भी जाना जाता है। यह पौधा एंटी-बैक्टीरियल और आयुर्वेदिक गुणों से समृद्ध होता है, इसलिए इसे मानसून में अपने घर की बालकनी या फिर आंगन में लगाना बेहतर है। सबसे अच्छी बात तो यह है कि बारिश के मौसम में मानसून कैसिया में पीले फूल खिलते हैं जो आपकी बालकनी और आंगन को परफेक्ट लुक दे सकते हैं। आपको बता दें कि यह केरल का राजकीय फूल है।

#3

गुड़हल

गुड़हल एक ऐसा पौधा है जिसका इस्तेमाल कई चीजों जैसे चाय, कागज और औषधियों आदि के लिए किया जा सकता है। इस पौधे का इस्तेमाल करके त्वचा और बाल संबंधी समस्याओं से भी निजात पाया जा सकता है। गुड़हल को किसी भी मौसम में लगाया जा सकता है, लेकिन मानसून में इसे लगाना सबसे अच्छा होता है। बस इसे लगाते समय ध्‍यान रखें कि इसे तेज धूप वाली जगह पर नहीं रखना है।

#4

क्लियोम

कई जगहों पर क्लियोम पौधे को मकड़ी के फूल, मकड़ी के पौधे या मधुमक्खी के पौधे के नाम से भी जाना जाता है क्योंकि यह फूलों के गुच्छों वाला एक लंबा कांटेदार पौधा है। इस पौधे पर गुलाबी और हल्के बैंगनी रंग के खुशबूदार फूल खिलते हैं। इसके अलावा इसे सब्जी के बगीचे में लगाने के बहुत फायदे हैं क्योंकि यह फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले खराब कीड़ों को दूर भगाने में मददगार है।