
रेल मंत्रालय की कर्मचारियों पर सख्ती, वैक्सीनेशन के बिना नहीं मिलेगा कार्यालय में प्रवेश
क्या है खबर?
देश में फिर से कोरोना महामारी की वजह से हालात बेकाबू होते जा रहे हैं।
प्रतिदिन तेजी से बढ़ते संक्रमण के मामले चिंता का विषय बने हुए हैं। कई राज्यों में नाइट कर्फ्यू के साथ कई पाबंदियां लगा दी गई हैं।
इसी बीच रेल मंत्रालय ने भी बड़ा और सख्त कदम उठाया है। इसके तहत अब वैक्सीन न लगवाने वाले रेल कर्मचारियों को कार्यालय में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
रेल मंत्रालय ने इसको लेकर आदेश भी जारी कर दिए हैं।
जानकारी
कोरोना से दिल्ली में हालात ठीक नहीं
रेल मंत्रालय दिल्ली में स्थित है और यहां पर कोरोना से हालात ठीक नहीं दिख रहे हैं।
वहीं दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी है। उन्होंने कहा, देश में तीसरी तो दिल्ली में कोरोना की 5वीं लहर आ चुकी है।
आगे उन्होंने कहा, ''सभी संक्रमितों के सैंपल का जीनोम सिक्वेंसिंग मुमकिन नहीं है, केवल 300 से 400 सैंपल का ही जीनोम सिक्वेंसिंग किया जा रहा है।''
आदेश
रेल मंत्रालय ने मंगलवार को जारी किया आदेश
देश और दिल्ली में कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं। जिसको देखते हुए रेल मंत्रालय ने 4 जनवरी को एक आदेश् जारी किया था। जिसमें जानकारी दी गई थी कि जिन कर्मचारियों ने अभी तक भी कोरोना वैक्सीन नहीं लगवाई है, वे अब कार्यालय में प्रवेश नहीं कर पाएंगे।
बता दें कि यह आदेश सिर्फ रेल मंत्रालय में काम करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों के लिए लागू किया गया है।
वैक्सीनेशन
प्रवेश के लिए वैक्सीन की दोनों खुराक जरूरी
रेल मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि अब रेल भवन में वही अधिकारी और कर्मचारी प्रवेश कर पाएंगे, जिन्होंने वैक्सीन की दोनों खुराकें लगवा ली हैं।
आदेश में आगे कहा गया है कि वैक्सीन की दोनों खुराक नहीं लगवाने वाले कर्मचारियों को अब वैक्सीन लगने तक घर पर ही रहना होगा।
इस दौरान उनकी उपस्थिति को उनकी PL, CL या पहले की बकाया छुट्टियों से समायोजित किया जाएगा।
जानकारी
अभी सिर्फ रेल भवन के लिए आदेश
आपको बता दें कि रेल मंत्रालय का ये आदेश अभी दिल्ली स्थित रेल भवन के लिए है। अगर कोरोना की स्थिति ठीक नहीं रही तो रेल मंत्रालय यह आदेश बहुत जल्द सभी दफ्तरों के लिए लागू कर सकता है।
संक्रमण
भारत में यह है कोरोना संक्रमण की स्थिति
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 58,097 नए मामले सामने आए और 534 मरीजों की मौत दर्ज हुई।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,50,18,358 हो गई है। इनमें से 4,82.551 लोगों की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 2,14,004 हो गई है।
ओमिक्रॉन वेरिएंट के कारण देश में मामलों में ये उछाल देखने को मिल रहा है और सरकार ने कहा है कि तीसरी लहर शुरू हो चुकी है।