Page Loader
झारखंड: फ्रंटलाइन स्वास्थ्यकर्मियों को एक महीने का अतिरिक्त वेतन देगी सरकार

झारखंड: फ्रंटलाइन स्वास्थ्यकर्मियों को एक महीने का अतिरिक्त वेतन देगी सरकार

Mar 20, 2021
02:53 pm

क्या है खबर?

कोरोना वायरस महामारी से जूझ रहे देश में चिकित्साकर्मी और फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं का अहम योगदान रहा है। इन लोगों ने अपनी जान को खतरे में डालकर संक्रमितों का उपचार करने के साथ उन्हें आवश्कय सुविधाएं मुहैया कराई है। इसी बीच झारखंड सरकार ने कोरोना महामारी में 24 घंटे काम करने वाले फ्रंटलाइन स्वास्थ्यकर्मियों को एक महीने का अतिरिक्त वेतन देने का निर्णय किया है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने विधानसभा में इसकी जानकारी दी है।

सवाल

भाजपा विधायक ने विधानसभा में मांगी थी जानकारी

पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक अमर बाउरी ने शुक्रवार को विधानसभा में अल्प सूचित प्रश्न में सरकार द्वारा कोनोना वॉरियर्स के हित के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी मांगी थी। बाउरी ने कहा कि सरकार ने अब तक फ्रंटलाइन कोरोना वॉरियर्स को प्रोत्साहित करने उनका आत्मबल बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन राशि के बारे में कोई निर्णय नहीं लिया है। जबकि दूसरे राज्य में प्रोत्साहन राशि दिया जा चुका है। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने जवाब दिया था।

जानकारी

बाउरी ने सरकार पर लगाया यह आरोप

विधायक बाउरी ने कहा कि सरकार अपनी नाकामी छुपाने के लिए कोरोना का रोना रोती है और उपलब्धियां गिनाने में भी कोरोना की चुनौती का जिक्र करती है। सरकार को यह उपलब्धि कोरोना वॉरियर्स के कारण मिली है। ऐसे में इन्हें नजरअंदाज करना अनुचित होगा।

जवाब

एक महीने का अतिरिक्त वेतन देगी सरकार- मंत्री

विधायक बाउरी के सवाल के जवाब में स्वास्थ्य मंत्री गुप्ता ने कहा, "राज्य सरकार ने सभी फ्रंटलाइन चिकित्साकर्मियों को उनकी सेवाओं के लिए एक महीने का अतिरिक्त वेतन देने का फैसला किया है। वर्तमान में लाभार्थियों की पहचान की प्रक्रिया चल रही है।" उन्होंने आगे कहा कि सरकार कोरोना वॉरियर्स को लेकर अत्यंत गंभीर और संवेदनशील है। उनके सम्मान में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। सरकार उनके जज्बे को सलाम करती है।

श्रद्धांजलि

जान गंवाने वाले कोरोना योद्धाओं को श्रद्धांजलि देती है सरकार- मंत्री

स्वास्थ्य मंत्री गुप्ता ने कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ जंग लड़ने में जिन योद्धाओं ने अपने प्राणों की कुर्बानी दी है सरकार उन्हें श्रद्धांजलि देती है। उन्होंने कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए कहा कि कई राज्यों में मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार पूरी तरह से सतर्क है। सरकार दिशानिर्देशों का सावधानीपूर्वक पालन कर रही हैं। होली और राम नवमी के त्योहारों के दौरान अधिकतम सावधानी बरतनी होगी।

योजना

आयुष्मान भारत योजना से कोरोना काल में 3.13 लाख को मिला लाभ

इस दौरान विधानसभा में सरकार की ओर से विधायक अपर्णा सेन गुप्ता को उनके आयुष्मान भारत योजना से जुड़े अल्प सूचित प्रश्न का भी जवाब दिया गया। इसमें कहा गया कि एक मार्च 2020 से 10 मार्च 2021 तक आयुष्मान भारत योजना के तहत 3,13,565 लाभार्थियों को अस्पतालीकरण कर लाभ पहुंचाया गया। इस पर करीब 297.36 करोड़ खर्च हुए हैं। सरकार अभियान चलाकर सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए संकल्पित है।

पृष्ठभूमि

बिहार सरकार भी कर चुकी है अतिरिक्त वेतन की घोषणा

बता दें कि बिहार सरकार ने पिछले साल मार्च में कोरोना वायरस महामारी के दौरान डॉक्टरों और अन्य चिकित्साकर्मियों को एक महीने का अतिरिक्त वेतन देने की घोषणा की थी। उस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था कि डॉक्टरों और अन्य चिकित्साकर्मियों का कोरोना महामारी में अहम योगदान रहा है। ऐसे में उन्हें एक महीने का अतिरिक्त वेतन दिया जाएगा। इसके बाद फरवरी में झारखंड राज्य चिकित्सा एवं जन कर्मचारी संघ ने भी अतिरिक्त वेतन की मांग की थी।

जानकारी

झारखंड में यह है कोरोना संक्रमण की स्थिति

झारखंड में शुक्रवार को 105 नये संक्रमित सामने आए हैं और एक मरीज की मौत हुई है। इसके साथ राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,21,055 पर पहुंच गई है। इनमें से 1,19,307 ठीक हो चुके हैं और वर्तमान में 653 सक्रिय मामले हैं।