LOADING...
कोरोना वायरस: सात दिनों में नए मरीजों से ज्यादा रही ठीक होने वालों की संख्या

कोरोना वायरस: सात दिनों में नए मरीजों से ज्यादा रही ठीक होने वालों की संख्या

Oct 10, 2020
04:45 pm

क्या है खबर?

देश में बीते सात दिनों से कोरोना वायरस से ठीक होने वाले लोगों की संख्या नए मरीजों से ज्यादा रही है। महामारी की शुरुआत के बाद से अभी तक ऐसा नहीं देखा गया था। वहीं बीते 22 दिनों में से 17 ऐसे रहे हैं, जब कोरोना के नए मामले उस दिन ठीक होने वाले मरीजों से कम रहे हैं। सक्रिय मामलों पर भी इसका असर दिख रहा है और इनकी संख्या नौ लाख से कम हो गई है।

क्या आप जानते हैं?

देश में अब तक लगभग 60 लाख लोग ठीक हुए

शुक्रवार की बात करें तो 73,272 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं ठीक होने वाला का आंकड़ा 82,000 से पार था। देश में सक्रिय मामले कम होकर 8,83,185 हो गए हैं। वहीं ठीक होने वालों की कुल संख्या 59,88,822 हो गई है।

कोरोना वायरस

उम्मीद की किरण दिखा रहा नया ट्रेंड

नए मरीजों की तुलना में ठीक होने वाले लोगों की ज्यादा संख्या उम्मीद की किरण दिखा रहे हैं। अगर यह ट्रेंड आने वाले कुछ हफ्तों तक जारी रहता है तो यह समझा जाएगा कि भारत में कोरोना वायरस संक्रमण का पीक गुजर चुका है। हालांकि, एक सप्ताह के आधार पर यह कहना जल्दबाजी होगी कि महामारी की रफ्तार धीमी पड़ गई है। देश के कई हिस्से ऐसे हैं, जहां रोजाना बड़ी संख्या में नए मरीज मिल रहे हैं।

जानकारी

कब खात्मे की तरफ बढ़ेगी महामारी?

कोरोना वायरस जैसी महामारी अपने खात्मे की तरफ तभी बढ़ सकती है, जब या तो संक्रमित होने वाले पर्याप्त लोग न हो या वैक्सीन के जरिये लोगों में महामारी के प्रति इम्युनिटी विकसित हो जाए। अभी तक इनमें कुछ भी नहीं हुआ है।

कोरोना वायरस

अस्थायी भी हो सकता है गिरावट का मौजूदा ट्रेंड

कोरोना वायरस के रोजाना मिलने वाले नए मरीजों की संख्या में हालिया गिरावट की ठोस वजह नजर नहीं आ रही है। यह अस्थायी भी हो सकती है और किसी भी समय स्थिति बदल सकती है। जैसा केरल और दिल्ली में देखा गया था। यहां एक बार काबू में आने संक्रमण तेजी से फैलने लगा। फिर भी जब तक यह गिरावट जारी रहती है, तब तक यह स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़े बोझ को हल्का करती रहेगी।

राहत

महाराष्ट्र में स्थिति में मामूली सुधार

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, देशभर में नए मामलों की संख्या में कमी आने की एक वजह महाराष्ट्र में सुधरी स्थिति हो सकती है। बीते 20 दिनों से यहां औसतन 16,000 नए मरीज मिल रहे हैं। इससे पहले यह औसत 20,000 पर थी। इसका असर यह हुआ कि बीते 20 दिनों में राज्य में सक्रिय मामले तीन लाख से कम होकर 2.35 लाख पर आ गए हैं। यह देश के कुल सक्रिय मामलों का लगभग 27 प्रतिशत है।

संक्रमण की तेज रफ्तार

चिंता का विषय बना हुआ है केरल

दूसरी तरफ केरल में लगातार बढ़ते मामले चिंता का विषय बने हुए हैं। बुधवार को यहां 10,000 से ज्यादा नए मरीज मिले थे। एक दिन की गिरावट के बाद शुक्रवार को फिर इनकी संख्या 9,000 से अधिक रही। राज्य सरकार का कहना है कि आने वाले दिनों में रोजाना 20,000 तक नए मामले सामने आ सकते हैं। स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने उम्मीद जताई है कि अगले महीने से संक्रमण की रफ्तार धीमी होना शुरू हो सकती है।

कोरोना वायरस

देश में 70 लाख के करीब पहुंचे कुल मामले

अगर पूरे देश में संक्रमितों की बात करें तो इनकी संख्या 70 लाख के करीब पहुंच गई हैं। बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 73,272 नए मामले सामने आए और 926 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। देश में लगातार पांचवें दिन मरने वालों की संख्या 1,000 से कम रही है। इसी के साथ देश में कुल मामलों की संख्या 69,79,423 हो गई है, वहीं 1,07,416 लोगों को इस महामारी के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है।