Page Loader
कोरोना वायरस: भारत में बीते दिन 75,809 नए मामले, रिकॉर्ड 1,133 ने तोड़ा दम

कोरोना वायरस: भारत में बीते दिन 75,809 नए मामले, रिकॉर्ड 1,133 ने तोड़ा दम

Sep 08, 2020
10:20 am

क्या है खबर?

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 75,809 नए मामले सामने आए और रिकॉर्ड 1,133 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। ये कोरोना वायरस के कारण देश में अब तक एक दिन में हुई सबसे अधिक मौतें हैं। इसी के साथ देश में कुल मामलों की संख्या 42,80,422 हो गई है, वहीं 72,775 लोगों को इस खतरनाक वायरस के संक्रमण के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या 8,83,697 है।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

पिछले 24 घंटे में ठीक हुए 73,521 मरीज, टेस्टों की संख्या पांच करोड़ पार

ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में कोरोना के 73,521 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ देश में ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 33,23,950 हो गई है और रिकवरी रेट 77.65 प्रतिशत है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 10,98,621 टेस्ट किए गए गए। इसी के साथ देश में कुल टेस्ट की संख्या पांच करोड़ के आंकड़े को पार कर 5.06 करोड़ हो गई है।

राज्यों की स्थिति

आंध्र प्रदेश में पांच लाख तो कर्नाटक में चार लाख के पार हुई संक्रमितों की संख्या

सबसे अधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में अब तक 9,23,641 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 27,027 मरीजों की मौत हुई है। वहीं दूसरे सबसे अधिक प्रभावित राज्य आंध्र प्रदेश में संक्रमितों की संख्या पांच लाख पार कर गई है। यहां अब तक 5,06,493 मामले सामने आए हैं और 4,487 मरीजों की मौत हुई है। 4,69,256 मामलों और 7,925 मौतों के साथ तमिलनाडु और 4,04,324 मामलों और 6,534 मौतों के साथ कर्नाटक अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले

कम टेस्ट के कारण ज्यादातर राज्यों में नए मामलों में कमी

नए मामलों की बात करें तो रविवार को कम टेस्ट किए जाने के कारण ज्यादातर राज्यों में नए मामलों में कमी देखने को मिली। सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र में बीते दिन 16,429 नए मामले सामने आए और 423 मरीजों ने दम तोड़ा। इससे पहले राज्य में दो दिन से 20,000 से अधिक नए मामले सामने आ रहे थे। वहीं आंध्र प्रदेश में बीते दिन 8,368 नए मामले सामने आए। कर्नाटक में 5,773 और तमिलनाडु में 5,776 नए मामले सामने आए।

डाटा

दिल्ली में बीते दिन 2,077 नए मामले

राजधानी दिल्ली की बात करें तो पिछले 24 घंटे में 2,077 नए मामले सामने आए। इसी के साथ शहर में कुल संक्रमितों की संख्या 1,93,526 हो गई है, वहीं 4,599 की मौत हुई है। इससे पहले कल शहर में 3,256 नए मामले सामने आए थे।

वैश्विक स्थिति

दुनियाभर में अब तक 2.72 करोड़ संक्रमित

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक 2.72 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं और 8.91 लाख लोगों की मौत हुई है। सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका में लगभग 63 लाख लोग संक्रमित हुए हैं और 1.89 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका एकमात्र ऐसा देश है जहां भारत से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं। तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में 41.47 लाख संक्रमितों में से लगभग 1.27 लाख मरीजों की मौत हुई है।