Page Loader
लोकसभा चुनाव: 19 अप्रैल से 7 चरणों में होगा मतदान, 4 जून को आएंगे नतीजे
चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है

लोकसभा चुनाव: 19 अप्रैल से 7 चरणों में होगा मतदान, 4 जून को आएंगे नतीजे

लेखन आबिद खान
Mar 16, 2024
03:55 pm

क्या है खबर?

चुनाव आयोग ने देश में लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। पूरे देश में पिछली बार की तरह 7 चरणों में मतदान होंगे। पहला चरण 19 अप्रैल से शुरू होगा और 4 जून को चुनावों के नतीजे घोषित किए जाएंगे। दूसरा चरण 26 अप्रैल, तीसरा 7 मई, चौथा 13 मई, पांचवां 20 मई, छठा 25 मई और सांतवां और आखिरी चरण एक जून को होगा। 4 राज्यों में विधानसभा चुनाव भी होंगे।

जगह

किस चरण में कितनी सीटों पर होगा मतदान?

पहले चरण में 21 राज्यों की 102 सीटों पर मतदान होगा। दूसरे चरण में 13 राज्यों की 89 लोकसभा सीटों पर, तीसरे चरण में 12 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों की 94 सीटों, चौथे चरण में 10 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों की 96 सीटों, पांचवें चरण में 8 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों की 49 सीटों, छठे चरण में 7 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों की 57 सीटों और आखिरी चरण में 8 राज्यों की 57 सीटों पर वोटिंग मतदान होगा।

राज्य

किस राज्य में कितने चरणों में होगा मतदान?

22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में सभी सीटों पर चुनाव एक ही चरण में होगा। इनमें दिल्ली, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, केरल, पंजाब, तेलंगाना, उत्तराखंड समेत कई राज्य शामिल हैं। कर्नाटक, राजस्थान, त्रिपुरा और मणिपुर में 2 चरणों में मतदान होगा। छत्तीसगढ़ और असम में 3, ओडिशा, मध्य प्रदेश और झारखंड में 4, महाराष्ट्र और जम्मू-कश्मीर में 5 और उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में 7 चरणों में चुनाव होगा।

विधानसभा

4 राज्यों में कब होंगे विधानसभा चुनाव?

आंध्र प्रदेश में 13 मई और अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में 19 अप्रैल को विधानसभा चुनावों के लिए वोट डाले जाएंगे। ओडिशा में विधानसभा चुनाव 4 चरणों में होंगे। पहले चरण में 13 मई को 28 सीटों पर, दूसरे में 20 मई को 35 सीटों पर, तीसरे में 25 मई को 42 सीटों पर और चौथे चरण में 42 सीटों पर एक जून को मतदान होगा। विधानसभा चुनावों के नतीजे भी 4 जून को लोकसभा चुनावों के साथ ही आएंगे।

बयान

प्रधानमंत्री बोले- तीसरी बार मिलेगा आशीर्वाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'लोकतंत्र के सबसे बड़े महापर्व का शुभारंभ हो गया है। चुनाव आयोग ने 2024 के लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है।BJP-NDA इन चुनावों में उतरने के लिए पूरी तरह से तैयार है। सुशासन और जनसेवा के अपने ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर हम जनता-जनार्दन के बीच जाएंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि 140 करोड़ परिवारजनों और 96 करोड़ से अधिक मतदाताओं का भरपूर स्नेह और आशीर्वाद हमें लगातार तीसरी बार मिलेगा।'

मतदाता

देश में 97 करोड़ योग्य मतदाता

देश में 2024 के चुनाव के लिए 96.8 करोड़ मतदाता है, जिसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 49.7 करोड़, महिला मतदाताओं की संख्या 47.1 करोड़ और ट्रांसजेंडर मतदाताओं की संख्या 48,000 है। 1.8 करोड़ मतदाता पहली बार मतदान करेंगे। 85 साल से ज्यादा उम्र के 82 लाख, 20 से 29 साल के 19.74 करोड़ मतदाता और 100 साल से ज्यादा उम्र के 2.18 लाख मतदाता हैं। 88.4 लाख मतदाता दिव्यांग हैं।

उम्मीदवार

पार्टियां कर चुकी हैं कुछ उम्मीदवारों के नाम का ऐलान

भाजपा ने अब तक 2 अलग-अलग सूचियों में 267 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। इनमें प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई बड़े नेताओं के नाम शामिल है। दूसरी ओर, कांग्रेस ने भी 39 उम्मीदवारों के नाम की सूची में राहुल गांधी को वायनाड से मैदान में उतारा है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने पश्चिम बंगाल की सभी और आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब की 8 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है।