Page Loader
दिल्ली का IGI बना दुनिया का दूसरा सबसे व्यस्त हवाई अड्डा, दुबई को पछाड़ा
दिल्ली का IGI बना दुनिया का दूसरा सबसे व्यस्त हवाई अड्डा, दुबई को पछाड़ा।

दिल्ली का IGI बना दुनिया का दूसरा सबसे व्यस्त हवाई अड्डा, दुबई को पछाड़ा

May 02, 2022
03:21 pm

क्या है खबर?

कोरोना महामारी के कारण पिछले दो सालों से प्रभावित रहा उड्डयन क्षेत्र अब फिर से रफ्तार पकड़ने लगा है। अंतरराष्ट्रीय यात्रा डाटा उपलब्‍ध करने वाली संस्‍था ऑफिशियल एयरलाइंस गाइड (OAG) के आंकड़ों के अनुसार, कुल सीट क्षमता और घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के आवागमन के आधार पर दिल्‍ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्‍ट्रीय (IGI) हवाई अड्डा दुनिया का दूसरे सबसे व्‍यस्‍त हवाई अड्डा बन गया है। इसने दुबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी पीछे छोड़ दिया है।

क्षमता

IGI ने उपलब्ध कराई 36.11 लाख से अधिक सीटें

OAG की ओर से इस महीने की शुरुआत में जारी की सूची के अनुसार, IGI हवाई अड्डे ने 36,11,181 सीटों की क्षमता के साथ दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को पछाड़कर दूसरा स्थान हासिल किया है। दुबई हवाई अड्डे ने पिछले महीने यात्रियों को 35,54,527 सीटें ही उपलब्‍ध कराई थी। बता दें कि पिछले महीने की सूची में अटलांटा हर्ट्सफील्ड-जैक्सन अंतरराष्ट्रीय (ATL) हवाई अड्डे ने (44,22,436 सीटों के साथ) पहला और दुबई ने दूसरा स्थान हासिल किया था।

सफलता

दिल्ली हवाई अड्डे ने 2019 की तुलना में लगाई बड़ी छलांग

सूची के अनुसार, दिल्ली हवाई अड्डे ने रैकिंग के मामले में साल 2019 की तुलना में इस साल बड़ी छलांग लगाई है। 2019 में दिल्ली हवाई अड्डा दुनिया का 23वां सबसे व्यस्त हवाई अड्डा था, लेकिन उसके बाद 2020 में यह शीर्ष 10 में शामिल हो गया था। इसी तरह 2021 में यह चीन के ग्वांगझू हवाईअड्डे को पीछे छोड़कर तीसरा सबसे व्यस्त हवाई अड्डा बना था और 2022 में दुबई को पीछे छोड़कर दूसरा स्थान हासिल कर लिया है।

प्रयास

दिल्ली हवाई अड्डा प्रशासन ने महामारी के दौरान किए थे कई नवाचार

OAG के अनुसार, दिल्ली हवाई अड्डा प्रशासन की इस सफलता के पीछे कोरोना महामारी के दौरान किए गए नवाचारों का बड़ा हाथ है। हवाई अड्डा प्रशासन ने महामारी के दौरान संपर्क रहित बोर्डिंग सुविधा और टर्मिनलों के अंदर और बाहर एक स्वच्छ वातावरण तैयार किया था। इसके चलते हवाई अड्डे को 'सेफ ट्रैवल बैरोमीटर' ने दुनिया का दूसरा सबसे सुरक्षित हवाई अड्डा घोषित किया था। इतना ही नहीं इसे महामारी के दौरान दो बार ACI स्वास्थ्य मान्यता भी मिली थी।

बयान

सरकार के प्रयासों से मिला संबल- जयपुरियार

दिल्‍ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) विदेह कुमार जयपुरियार ने कहा, "कोरोना महामारी में लगे यात्रा प्रतिबंधों ने पर्यटन क्षेत्रों को बुरी तरह प्रभावित किया था, लेकिन अब वैक्सीनेशन के बाद सरकारें प्रतिबंधों में ढील दे रही हैं।" उन्होंने कहा, "भारत ने भी पिछले महीने अपना एयरस्‍पेस खोलकर अंतरराष्ट्रीय यात्रा की अनुमति दी थी। सरकार के प्रयासों से यात्रा और पर्यटन उद्योग की मदद मिलने के साथ हवाई यात्रा को संबल मिला है।"