सोमवार से शुरू होगा कोरोना वैक्सीनेशन अभियान का दूसरा चरण, ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
क्या है खबर?
भारत में कोरोना वायरस के खिलाफ चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान का दूसरा चरण 1 मार्च से शुरू हो जाएगा।
इसमें 60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों और 45 साल से अधिक उम्र के दूसरी बीमारियों के मरीजों को वैक्सीन लगाई जाएगी।
इस चरण में वैक्सीनेशन के इच्छुक योग्य लोगों को खुद को कोविन 2.0 (Co-WIN 2.0) ऐप पर रजिस्टर करना होगा।
अगले एक-दो दिन में यह ऐप लॉन्च हो सकती है।
शुरुआत
देश में 16 जनवरी से शुरू हुआ था वैक्सीनेशन अभियान
भारत में 16 जनवरी को दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन अभियान शुरू हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसकी शुरुआत की थी।
वैक्सीनेशन अभियान में सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की कोरोना वैक्सीन कोविशील्ड और भारत बायोटेक की कोवैक्सिन का इस्तेमाल किया जा रहा है।
सरकार जुलाई तक शुरुआती दौर में 30 करोड़ लोगों को वैक्सीन देने की योजना के साथ आगे बढ़ रही है।
पहले चरण में अभी स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन कर्मियों को वैक्सीन लगाई जा रही है।
वैक्सीनेशन
आरोग्य सेतु से भी हो सकेगा रजिस्ट्रेशन
वैक्सीन लेने वाले लाभार्थी कोविन 2.0 ऐप के अलावा आरोग्य सेतु से भी खुद को रजिस्टर कर सकते हैं।
इसके अलावा सरकार अस्पताल और कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के जरिये भी रजिस्ट्रेशन करवाने का मौका देगी। वैक्सीनेशन के लिए रजिस्ट्रेशन पूरी तरह फ्री होगा।
बता दें कि 45 साल से अधिक उम्र के दूसरी बीमारियों के मरीजों को रजिस्ट्रेशन के समय मेडिकल सर्टिफिकेट पेश करना होगा, जिसमें उनकी बीमारी की जानकारी होनी चाहिए।
कोरोना वैक्सीनेशन
अपनी पसंद का स्थान और समय चुन सकेंगे लाभार्थी
सरकार इस चरण में लाभार्थियों को वैक्सीन लगवाने के लिए अपनी पसंद का स्थान और समय भी चुनने का विकल्प दे रही है।
इसके अलावा उनके पास सरकारी और निजी केंद्रों में से भी चुनने का विकल्प होगा।
इस चरण के लिए देशभर में 10,000 सरकारी और 20,000 निजी केंद्र बनाए जाएंगे। सरकारी केंद्रों पर वैक्सीनेशन पूरी तरफ फ्री होगा।
हालांकि, लाभार्थियों के पास अपने लिए वैक्सीन चुनने का विकल्प नहीं होगा।
कोरोना वैक्सीनेशन
निजी क्षेत्र की भी होगी वैक्सीनेशन में भागीदारी
केंद्र सरकार ने बुधवार को जानकारी दी थी कि देश में 1 मार्च से वैक्सीनेशन अभियान का दूसरा चरण शुरू हो जाएगा। अभी तक बाहर रहे निजी क्षेत्र को इस बार वैक्सीनेशन अभियान में शामिल किया जाएगा।
सरकार की तरफ से कहा गया है कि निजी अस्पतालों और केंद्रों पर वैक्सीनेशन किया जाएगा। इसके लिए लोगों को कुछ भुगतान करना पड़ेगा। हालांकि, यह भुगतान कितना होगा, इसकी अभी तक जानकारी नहीं है। अगले 2-3 दिन में इसका ऐलान होगा।
विशेषज्ञ की राय
महत्वपूर्ण है वैक्सीनेशन का दूसरा चरण- गुलेरिया
इसी बीच दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के निदेशक डॉ रणदीप गुलेरिया ने कहा कि वैक्सीनेशन का दूसरा चरण बहुत अहम होने वाला है। यह संक्रमण की गति और मृत्यु दर को कम करने और वायरस में म्यूटेशन की संभावनाओं को कम करने में मदद करेगा।
उन्होंने कहा, "मामलों में हालिया इजाफे को देखते हुए यह बहुत महत्वपूर्ण है। कोरोना वायरस अभी गया नहीं है। हम अभी भी कई सुपर-स्प्रेडिंग इवेंट देख रहे हैं।"
डाटा
अब तक वैक्सीन की कितने खुराकें दी गईं?
वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो देश में अब तक कोरोना वैक्सीन की 1,26,71,163 खुराक लगाई जा चुकी हैं। बीते दिन 5,03,947 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। अभी स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन कर्मचारियों को वैक्सीन लगाई जा रही है।
कोरोना वायरस
देश में महामारी की क्या स्थिति?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 16,738 नए मामले सामने आए और 138 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,10,46,914 हो गई है। इनमें से 1,56,705 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। वहीं सक्रिय मामले बढ़कर 1,51,708 हो गए हैं।
अमेरिका के बाद भारत कोरोना महामारी से दुनिया का दूसरा सबसे ज्यादा प्रभावित देश बना हुआ है।