
कैबिनेट ने धन धान्य योजना को मंजूरी, 1.7 करोड़ किसानों को होंगे ये फायदे
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई। इसमें 3 अहम फैसले लिए गए हैं। किसानों को बड़ी सौगात देते हुए कैबिनेट ने 'प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना' को मंजूरी दी है। इस योजना को 11 मंत्रालयों की 36 योजनाओं को मिलाकर 24,000 करोड़ रुपये प्रति वर्ष के परिव्यय के साथ पूरा किया जाएगा। इससे देश के 1.7 करोड़ किसानों को फायदा पहुंचेगा। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ये जानकारी दी है।
फायदा
छोटे किसानों को होगा बड़ा फायदा
यह योजना खासतौर पर उन जिलों के लिए है, जहां पैदावार कम होती है। सरकार ऐसे 100 जिलों का चयन कर वहां कृषि विकास को बढ़ावा देगी। योजना में एक हेक्टेयर या उससे कम जमीन वाले किसानों पर ज्यादा ध्यान दिया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2025 में इसकी घोषणा की थी। इसका उद्देश्य खेती में तकनीक को बढ़ाना, फसलों में विविधता लाना, जलवायु के अनुसार खेती करना और भंडारण, सिंचाई और कर्ज सुविधा को मजबूत करना है।
अन्य फायदे
किसानों को ये फायदे भी होंगे
मंत्री वैष्णव ने कहा कि योजना फसल कटाई के बाद भंडारण क्षमता बढ़ाएगी, सिंचाई सुविधाओं में सुधार करेगी और कृषि उत्पादकता को बढ़ाएगी। योजना के तहत किसानों को कम कीमत पर अच्छी गुणवत्ता के बीज मिलेंगे और खेती के लिए खाद भी मुफ्त में दी जाएगी। सिंचाई के लिए पंप या ट्रैक्टर खरीदने पर सरकार की तरफ से सब्सिडी दी जाएगी। खेती में नई तकनीकों के इस्तेमाल को लेकर प्रशिक्षण दिया जाएगा। किसानों को आसान कर्ज की व्यवस्था की जाएगी।
NIRL
NIRL में 7,000 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी
सरकार ने NLC इंडिया को अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई NIRL में 7,000 करोड़ रुपये के निवेश की अनुमति दे दी है। यह राशि स्वच्छ ऊर्जा से जुड़ी परियोजनाओं में लगाई जाएगी। मंत्री वैष्णव ने कहा, "आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने NLS इंडिया लिमिटेड को विशेष छूट देने को मंजूरी दे दी है। इस रणनीतिक फैसले से NLC अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी NLC इंडिया रिन्यूएबल्स लिमिटेड में 7,000 करोड़ रुपये का निवेश कर सकेगी।"
बयान
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को भी दी गई बधाई
कैबिनेट बैठक के बाद मंत्री वैष्णव ने कहा, "आज केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की वापसी पर एक प्रस्ताव पारित किया है। यह पूरे देश के लिए गौरव और खुशी का अवसर है। आज मंत्रिमंडल देश के साथ ग्रुप कैप्टन शुभांशु को पृथ्वी पर उनकी सफल वापसी पर बधाई देता है। यह भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम में एक नया अध्याय है। यह हमारे अंतरिक्ष कार्यक्रम के भविष्य की एक सुनहरी झलक देता है।"