
भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष उड़ान 10 जून तक स्थगित
क्या है खबर?
भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का अंतरिक्ष मिशन अब 10 जून तक के लिए टाल दिया गया है।
पहले यह मिशन 29 मई को होना था, फिर इसे 8 जून किया गया, लेकिन अब एक बार फिर आगे बढ़ा दिया गया है।
यह मिशन अमेरिका की कंपनी एक्सिओम स्पेस का Ax-4 (एक्सिओम-4) मिशन है।
शुक्ला इस मिशन में पायलट की भूमिका निभाएंगे और अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) पर जाने वाले पहले भारतीय बनेंगे।
वजह
क्या है देरी की वजह?
मिशन में देरी की वजह अंतरिक्ष यात्रियों का जरूरी प्री-लॉन्च क्वारंटीन और कुछ तकनीकी तैयारियां हैं।
सभी यात्रियों को उड़ान से पहले 2 हफ्ते तक एक सुरक्षित और सीमित वातावरण में रहना होता है, ताकि उनका स्वास्थ्य बिल्कुल ठीक रहे।
अगर कोई भी यात्री बीमार हुआ, तो ISS में मौजूद बाकी दल को भी खतरा हो सकता है। इस कारण से मिशन को 10 जून तक टाल दिया गया है, ताकि सभी सुरक्षा नियमों का ठीक से पालन हो सके।
अंतरिक्ष यात्री
राकेश शर्मा के बाद दूसरे भारतीय बनेंगे अंतरिक्ष यात्री
शुक्ला अंतरिक्ष में जाने वाले भारत के दूसरे नागरिक होंगे। इससे पहले 1984 में राकेश शर्मा सोवियत मिशन के जरिए अंतरिक्ष गए थे।
शुक्ला के साथ अमेरिका की अनुभवी अंतरिक्ष यात्री पैगी व्हिटसन मिशन कमांडर होंगी।
पोलैंड के स्लावोज उज्नान्स्की-विस्नीव्स्की और हंगरी के टिबोर कापू भी इस मिशन का हिस्सा हैं।
ये दोनों पहली बार ISS पर जाएंगे और अपने-अपने देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह मिशन दुनिया के लिए भी खास माना जा रहा है।