
शुभांशु शुक्ला कल जाएंगे ISS, कैसे देख सकेंगे मिशन का लाइव लॉन्च?
क्या है खबर?
भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला 10 जून को इतिहास रचने जा रहे हैं। वह अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) पर जाने वाले पहले भारतीय बनेंगे।
वह स्पेस-X के फाल्कन 9 रॉकेट से एक्सिओम मिशन-4 के तहत अंतरिक्ष की यात्रा करेंगे। इस मिशन की लॉन्चिंग भारतीय समयानुसार शाम 05:52 बजे होगी और यह पूरी दुनिया के लिए भारत की एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
इस मिशन से भारत का अंतरिक्ष में नया कदम शुरू होगा।
तरीका
कहां और कैसे देखें मिशन की लाइव लॉन्चिंग?
शुक्ला का यह ऐतिहासिक मिशन भारतीय समयानुसार 10 जून को शाम 5:52 बजे लॉन्च किया जाएगा, जिसे लाइव देखा जा सकेगा।
नासा की आधिकारिक वेबसाइट, एक्सिओम स्पेस और स्पेस-X के यूट्यूब चैनलों पर इस लॉन्च को सीधा प्रसारण किया जाएगा। भारतीय दर्शक इसे अपने मोबाइल या टीवी पर आसानी से देख सकते हैं।
अंतरिक्ष यान 11 जून की रात 10:00 बजे ISS से जुड़ जाएगा, जिससे भारत एक ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनेगा।
मिशन
मिशन में रहेंगे 14 दिन, होंगे कई प्रयोग
एक्सिओम मिशन 4 एक निजी अंतरिक्ष मिशन है, जिसमें 4 अंतरिक्ष यात्री शामिल होंगे।
इस दल का नेतृत्व नासा की पूर्व अंतरिक्ष यात्री पैगी व्हिटसन करेंगी, और शुक्ला पायलट होंगे। यह दल 14 दिन तक ISS पर रहेगा और नासा तथा ISRO के सहयोग से वैज्ञानिक और वाणिज्यिक प्रयोग करेगा।
इस मिशन में पोलैंड और हंगरी के अंतरिक्ष यात्री भी शामिल हैं, जो कई सालों बाद किसी अंतरिक्ष यात्रा पर जाएंगे।
सफर
शुभांशु का सफर
लखनऊ में जन्मे शुक्ला ने NDA से पढ़ाई की और 2006 में वायुसेना में शामिल हुए। उनके पास 2,000 घंटे से ज्यादा की उड़ान का अनुभव है।
उन्होंने रूस और भारत में अंतरिक्ष प्रशिक्षण लिया और फरवरी, 2024 में गगनयान मिशन के लिए भी चुने गए। जर्मनी, जापान और अमेरिका में उन्होंने कड़ा प्रशिक्षण पूरा किया है।
अब वह पहले भारतीय बनेंगे जो ISS तक पहुंचेंगे। अंतरिक्ष के क्षेत्र में यह भारत के लिए एक बड़ी बात होगी।