गणतंत्र दिवस पर सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में सभी कॉलेज और विश्वविद्यालय लें हिस्सा- UGC
क्या है खबर?
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने देश के सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों से अनुरोध किया है कि वे गणतंत्र दिवस पर तिरंगे के सामने सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में हिस्सा लें।
नेशनल स्पोर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (NSFOI) ने आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में चल रहे अमृत महोत्सव के अवसर पर इसकी योजना बनाई है।
UGC ने नोटिस में शिक्षण संस्थानों से इस आयोजन के बारे में छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच व्यापक प्रचार करने को कहा है।
अभियान
30 राज्यों में 75 करोड़ सूर्य नमस्कार का अभियान
UGC ने अपने पत्र में लिखा है कि अमृत महोत्सव मनाने के लिए NSFOI ने 30 राज्यों में 75 करोड़ सूर्य नमस्कार का अभियान चलाने का निर्णय लिया है, जिसमें 1 जनवरी, 2022 से 7 फरवरी, 2022 तक 30,000 संस्थान और तीन लाख छात्र शामिल हो रहे हैं।
पत्र में आगे लिखा गया है कि इसी के तहत 26 जनवरी को तिरंगे के सामने संगीतमय सूर्य नमस्कार का प्रदर्शन किया जाएगा।
विरोध
सूर्य नमस्कार के आदेश पर AIMPLB जता चुका है विरोध
बता दें कि ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) ने छात्रों से स्कूलों में सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराने के सरकार के निर्देश पर विरोध जताया था।
मुस्लिम लॉ बोर्ड के महासचिव मौलाना खालिद रहमानी ने कहा, "सरकार बहुमत की परंपराओं और संस्कृति को दूसरों पर थोपने की कोशिश कर रही है। यह असंवैधानिक है। सरकार को तुरंत इस फरमान को वापस लेना चाहिए और देश में धर्मनिरपेक्ष मूल्यों को बढ़ावा देना चाहिए।"
सूर्य नमस्कार
सूर्य नमस्कार है क्या और इसके फायदे क्या हैं?
'सूर्य नमस्कार' का मतलब है सूर्य को नमन करना।
सूर्य नमस्कार एक अच्छा व्यायाम माना जाता है। प्रतिदिन सूर्य नमस्कार करने से आपका पाचन तंत्र मजबूत हो सकता है। इससे आपकी पेट संबंधित समस्या दूर हो सकती है और आपको झुकने और उठने में आसानी होगी।
सूर्य नमस्कार 12 आसनों की मदद से किया जाता है, जिनके नाम इस प्रकार हैं- प्रणामासन, हस्तउत्तानासन, अश्वसंचालन आसन, पर्वतासन, अष्टांग नमस्कार, भुजंगासन, दंडासन, अश्वसंचालनासन, हस्तपादासन, हस्तउत्थानासन, ताड़ासन।
अभियान
क्या है सूर्य नमस्कार अभियान?
AIMPLB और अन्य शिक्षाविदों के विरोध के बाद भी UGC ने इस कार्यक्रम को नहीं रोका है।
सूर्य नमस्कार अभियान के तहत प्रत्येक प्रतिभागी को 21 दिनों तक प्रतिदिन 13 बार सूर्य नमस्कार के 12 आसन करने होंगे। प्रदर्शन को प्रतिदिन ऑफलाइन या लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से फिल्माया जाना आवश्यक है और वीडियो और तस्वीरों को भागीदारी के लिए एक रिकॉर्ड के रूप में रखना होगा।
बाद में इसे www.75suryanamaskar.com पर अपलोड करना होगा।