पीठ की अतिरिक्त चर्बी से छुटकारा दिला सकते हैं ये योगासन, ऐसे करें अभ्यास
क्या है खबर?
पीठ में जमा चर्बी आपके शरीर की बनावट को काफी प्रभावित कर सकता है, इसलिए आपको इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
पीठ की अतिरिक्त चर्बी को कम करने के लिए आप कुछ योगासन अपने रूटीन में शामिल कर सकते हैं।
आइए आपको कुछ ऐसी ही योगासनों के अभ्यास का तरीका बताते हैं, जो पीठ की अतिरिक्त चर्बी को कम करके इसे मजबूती प्रदान करने में मदद कर सकते हैं।
#1
जानुशीर्षासन
जानुशीर्षासन के लिए पहले योगा मैट पर दंडासन की स्थिति में बैठ जाएं, फिर अपने दाएं घुटने को मोड़ते हुए बाईं जांघ के सहारे लगा लें।
अब अपने शरीर को आगे की तरफ झुकाएं और बाएं पैर के अंगूठे को दोनों हाथों से पकड़ने की कोशिश करें। इसी मुद्रा में अपने सिर को घुटने से छूने की कोशिश करें।
कुछ देर इसी मुद्रा में रहने के बाद धीरे-धीरे सामान्य हो जाएं। इस प्रक्रिया को दूसरे पैर से भी दोहराएं।
#2
शलभासन
शलभासन करने के लिए पहले योगा मैट पर पेट के बल लेट जाएं, फिर अपने दोनों हाथों को जांघो के पीछे की ओर ले जाएं।
अब लंबी सांस लेते हुए अपने सिर के साथ-साथ अपने दोनों पैरों और गर्दन को धीरे-धीरे ऊपर की तरफ उठाएं। ध्यान रहे कि इस दौरान आपका पेट जमीन पर ही रहना चाहिए।
कुछ मिनट बाद इस मुद्रा को धीरे-धीरे छोड़ते हुए सामान्य हो जाएं। इस आसन को आप 10-12 बार दोहरा सकते हैं।
#3
नौकासन
नौकासन के अभ्यास के लिए सबसे पहले योगा मैट पर श्वासन की मुद्रा में लेट जाएं।
इसके बाद अपने दोनों पैरों के पंजों को आपस में जोड़ते हुए उन्हें 45 डिग्री तक सांस भरते हुए उठा लें।
अब अपने दोनों हाथों को कंधे की सीध में उठाते हुए घुटनों की तरफ एकदम सीधा रखें। इसी अवस्था में अपने सिर और पीठ को भी उठाएं और नाव का आकार ले लें।
इसके बाद सांस छोड़ते हुए धीरे-धीरे योगासन को छोड़ें।
#4
धनुरासन
धनुरासन के अभ्यास के लिए सबसे पहले योगा मैट पर पेट के बल लेट जाएं।
अब अपने दोनों घुटनों को पीछे की तरफ से मोड़ें और हाथों से टखनों को मजबूती से पकड़ लें।
इसके बाद सांस लेते हुए अपने पूरी शरीर को इस प्रकार ऊपर उठाने की कोशिश करें कि शरीर का आकार धनुष के समान लगे।
अपनी क्षमतानुसार इस मुद्रा में बने रहकर धीरे-धीरे सांस लेते और छोड़ते रहें। कुछ सेकेंड बाद धीरे-धीरे सामान्य हो जाएं।