Page Loader
बोर्ड परीक्षा में कैसे पाएं अच्छे अंक? जानिए पेपर हल करने का सही तरीका
बोर्ड पेपर हल करने की तकनीक (तस्वीरः पिक्साबे)

बोर्ड परीक्षा में कैसे पाएं अच्छे अंक? जानिए पेपर हल करने का सही तरीका

लेखन राशि
Mar 02, 2023
01:05 pm

क्या है खबर?

भारत के अलग-अलग राज्यों में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं। बोर्ड परीक्षाओं में अच्छे अंक लाने के लिए छात्र पूरे सालभर मेहनत करते हैं और परीक्षा के आखिरी दिनों में सब कुछ त्याग कर पढ़ाई करते हैं। इतनी मेहनत के बाद भी कुछ छात्रों के अच्छे नंबर नहीं आ पाते। इसके पीछे पेपर को अच्छे से हल न कर पाना प्रमुख कारण है । आइए पेपर हल करने की सही तकनीक के बारे में जानते हैं।

प्रश्नपत्र

बेहतर तरीके से करें अतिरिक्त समय का उपयोग

बोर्ड की परीक्षा में छात्रों को पेपर पढ़ने के लिए अतिरिक्त 10 से 15 मिनट का समय दिया जाता है। इस समय का सदुपयोग करें। इस समय में छात्र अपने मन में योजना बना सकते हैं कि वे बिना घबराए कैसे सही तरीके से पेपर हल करेंगे। पेपर पढ़ते समय ही प्रश्नों के उत्तर मन में सोच सकते हैं। प्रश्नों के उत्तर की रूपरेखा बना लें ताकि कॉपी मिलते ही आप तय योजना के अनुसार पेपर हल कर सकें।

गति

समय के साथ गति का रखें ध्यान

बोर्ड परीक्षा के दौरान कई छात्रों का आधा पेपर छूट जाता है, क्योंकि वे एक ही उत्तर पर जरूरत से ज्यादा समय बर्बाद कर देते हैं। छात्र लिखते समय गति का ध्यान रखें। एक उत्तर को लिखने में ज्यादा समय न लगाएं। उत्तर को तय शब्द सीमा में लिखें। याद रखें कि आपको केवल प्रश्न में पूछी गई बातों का ही जबाव लिखना है। छात्र घड़ी पर नजर रखें, ताकि समय का पता चल सके।

कठिन

कठिन प्रश्नों के बारे में चिंता न करें

कई विद्यार्थी पेपर में कठिन प्रश्न देखते ही चिंतित हो जाते हैं, लेकिन आपको ऐसा नहीं करना है। सरल प्रश्नों को हल करने के बाद कठिन प्रश्नों की ओर जाएं। कठिन प्रश्नों को 1 से 2 बार पढ़ें। प्रश्न को समझने की कोशिश करें। कई बार प्रश्नों को इस तरीके से घूमा कर पूछा जाता है कि वे छात्रों को कठिन लगते हैं, लेकिन वास्तव में उनमें सरल टॉपिक छिपे होते हैं।

उत्तर लेखन

सरल और सटीक शब्दों में लिखें उत्तर

छात्र प्रश्नों को ध्यान से पढ़े। उत्तर को प्रश्न की आवश्यकता तक सीमित रखने का प्रयास करें। अनुपयोगी जानकारी का वर्णन करने वाले बड़े-बड़े पैराग्राफ न लिखें। उत्तरों को प्वाइंट्स में लिखें। पेचीदा शब्दों का उपयोग करने से बचें। सरल भाषा और साफ राइंटिग में उत्तर लिखें। ओवरराइटिंग से बचें। गणित, फिजिक्स और विज्ञान जैसे विषयों में चित्र और ग्राफ बनाएं, इससे पूरे अंक मिलने की संभावना होती है। उत्तरों लिखने से पहले उसे मन में संशोधित करें।

प्रश्न

सभी प्रश्नों को हल करें

बोर्ड परीक्षाओं में गलत उत्तरों के लिए कोई भी नेगेटिव मार्किंग नहीं होती है। ऐसे में सभी प्रश्नों के उत्तर लिखने का प्रयास करना चाहिए। अगर आपको पूरा उत्तर नहीं पता है तो केवल महत्वपूर्ण सूत्र और परिभाषा लिख दें। महत्वपूर्ण प्वाइंट्स को अंडरलाइन कर दें। परीक्षक हमेशा तकनीकी शब्दों या महत्वपूर्ण प्वाइंट्स की तलाश में रहते हैं जहां वे आपको अंक दे सकें। प्रश्नों को बार-बार पढ़ें, इससे उत्तर से संबंधित जानकारियां याद आ सकती हैं।

विकल्प

विकल्पों का बुद्धिमानी से चुनाव करें

कुछ प्रश्न विकल्प में दिए जाते हैं। इन प्रश्नों को हल करने में जल्दबाजी न करें, समझदारी से प्रश्न का चुनाव करें। कई बार छात्र डर और घबराहट में प्रश्न हल करने का निर्णय ले लेते हैं, लेकिन बाद में पछतावा होता है कि उन्होंने दूसरा प्रश्न नहीं चुना जिसे वे बेहतर तरीके से लिख सकते थे। छात्र प्रत्येक प्रश्न को पढ़ें, समझ लें कि प्रश्न में क्या पूछा गया है और क्या लिखना है। इसकी एक मानसिक तस्वीर बनाएं।

जानकारी

बेवजह उत्तर पुस्तिका न सजाएं

कई बार छात्र उत्तर पुस्तिका को सजा देते हैं, शीर्षक लिखने और शब्द अंडरलाइन करने के लिए रंगीन पॉइंटर्स या मार्करों का उपयोग करते हैं। छात्र केवल दो पेन का इस्तेमाल करें, पाठ लिखने के लिए नीला पेन और शीर्षकों के लिए काला।