Page Loader
नए अभ्यर्थी UPSC की तैयारी में अपनाएं ये रणनीति, कम समय में मिल सकेगी सफलता
UPSC परीक्षा की तैयारी के टिप्स

नए अभ्यर्थी UPSC की तैयारी में अपनाएं ये रणनीति, कम समय में मिल सकेगी सफलता

लेखन राशि
Feb 16, 2023
05:41 pm

क्या है खबर?

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के द्वारा सिविल सेवा परीक्षा आयोजित की जाती है। देश भर में लाखों छात्र इस परीक्षा की तैयारी करते हैं और IAS अधिकारी बनने का सपना देखते हैं, लेकिन सफलता कुछ को ही मिलती है। UPSC की परीक्षा काफी कठिन होती है, लेकिन आप योजनाबद्ध तैयारी से परीक्षा में टॉप कर सकते हैं। अगर आप पहली बार परीक्षा की तैयारी शुरु कर रहे हैं तो यहां बताए कुछ खास टिप्स को फॉलो कर सकते हैं।

सिलेबस

सबसे पहले परीक्षा पैटर्न और सिलेबस को समझें

UPSC की सिविल सर्विस परीक्षा में तीन चरण होते हैं। पहला प्रारंभिक परीक्षा, दूसरा मुख्य परीक्षा और तीसरा इंटरव्यू। प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा के लिए अलग-अलग सिलेबस होता है। इसलिए नए छात्रों को परीक्षा की तैयारी शुरू करने से पहले परीक्षा का पैटर्न और सिलेबस समझ लेना चाहिए। सिलेबस समझने के बाद आप तय कर सकेंगे कि आपको क्या-क्या पढ़ना है और तैयारी में कितना समय देना होगा। परीक्षा का सिलेबस आपको आधिकारिक वेबसाइट पर आसानी से मिल जाएगा।

ऑप्शनल

परीक्षा का माध्यम और ऑप्शनल विषय का करें चुनाव

UPSC की तैयारी में परीक्षा का माध्यम और ऑप्शनल विषय का सबसे ज्यादा महत्व है। UPSC लिखित परीक्षा में हिंदी, अंग्रेजी के साथ क्षेत्रीय भाषा का विकल्प होता है। इसलिए सभी विषयों को अच्छे से पढ़े और तय करें कि आप कौनसी भाषा में परीक्षा देंगे। परीक्षा में आप राजनीति विज्ञान, कानून, समाजशास्त्र, अंक शास्त्र, जीव विज्ञान, दर्शनशास्त्र, हिंदी साहित्य, इतिहास, लोक प्रशासन, भौतिक विज्ञान, अर्थशास्त्र, व्यापार, रसायन विज्ञान मनोविज्ञान जैसे ऑप्शनल विषयों का चयन कर सकते हैं।

करेंट अफेयर्स

करेंट अफेयर्स का ज्ञान है जरूरी

UPSC की प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा में करेंट अफेयर्स से संबंधित सवाल पूछे जाते हैं। परीक्षा की तैयारी करते समय महत्वपूर्ण घटनाओं की जानकारी होना जरूरी है। इसके लिए हर रोज अखबार पढ़े। जरूरी कार्यक्रमों पर ध्यान दें। करंट अफेयर्स के नोट्स बना लें और बार-बार इन्हें रिवाइज करते रहे। समसामयिक मुद्दों की तैयारी के लिए करेंट अफेयर मैग्जीन का सहारा लें। इसके अलावा यूट्यूब पर करेंट अफेयर से संबंधित स्टडी चैनल की मदद से भी पढ़ाई कर सकते हैं।

जानकारी

पुराने पेपर जरूर हल करें 

परीक्षा की अच्छी समझ के लिए पुराने पेपर जरूर हल करें। इससे आप परीक्षा में दोहराए जाने वाले टॉपिक का पता लगा सकेंगे। शुरुआत में पेपर समझ नहीं आएंगे, लेकिन सिलेबस पता होने के बाद हर प्रश्नों को रिलेट कर पाएंगे।

टाईम टेबल

लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करें

सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी बहुत समय मांगती है। इसका सिलेबस बहुत बड़ा है। तैयारी के दौरान बहुत सारे विषयों को पढ़ना होता है। शुरुआत में ज्यादा समय देने की आवश्यकता होती है। ऐसे में अपना टाईम-टेबल बनाएं। लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करें। तय करें कि हर रोज कितनी पढ़ाई करेंगे। फोन और सोशल मीडिया का ज्यादा इस्तेमाल न करें। इस परीक्षा को पास करने में कभी-कभी सालों का समय लग जाता है। ऐसे में धैर्य के साथ पढ़ाई करें।

आंसर राइटिंग

उत्तर लेखन का अभ्यास है जरूरी

UPSC की प्रारंभिक परीक्षा में वैकल्पिक प्रश्न पूछे जाते हैं, जबकि मुख्य परीक्षा में लिखित प्रश्न पूछे जाते हैं। अंतिम परिणाम में मुख्य परीक्षा के अंक ही जोड़े जाते हैं। इसलिए परीक्षा की तैयारी करते समय उत्तर लेखन का अभ्यास करें। शुरुआत में उत्तर लिखने में परेशानी आएगी। कोई भी टॉपिक पढ़ने के बाद उससे संबंधित पुराने प्रश्न देखें और उनका उत्तर लिखने की कोशिश करें। रोजाना उत्तरलेखन से आपकी राइटिंग भी सुधरेगी और उत्तर लिखने की स्पीड भी बढ़ेगी।

जानकारी

क्या है UPSC?

UPSC भारत की प्रमुख केंद्रीय भर्ती एजेंसी है। जो ग्रुप A और ग्रुप B की भर्ती के लिए परीक्षाएं आयोजित करती है। इसकी स्थापना 1 अक्टूबर, 1926 को हुई थी। सिविल सेवा परीक्षा इसकी लोकप्रिय परीक्षाओं में से एक है।