राजस्थान में शिक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर लीक, पुलिस हिरासत में 40 से ज्यादा लोग
क्या है खबर?
राजस्थान में एक बार फिर भर्ती परीक्षा के पहले पेपर लीक हो गया है। ऐसे में आज (24 दिसंबर) होने वाली इस शिक्षक भर्ती परीक्षा को रद्द कर दिया गया है।
पिछले महीने भी वन रक्षक भर्ती परीक्षा को पेपर लीक होने की वजह से रद्द किया गया था।
भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामलों को लेकर विपक्ष ने राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साधा है।
पुलिस ने इस मामले में 40 ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है।
जांच
पुलिस को बस में सवार अभ्यर्थियों के पास मिले पेपर
उदयपुर पुलिस अधीक्षक विकास शर्मा के मुताबिक, उन्हें देर रात पेपर लीक होने की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने SOG को एक्टिव कर दिया था। पुलिस टीम को बेकरिया थाने के पास एक बस दिखाई दी और इसमें सवार सभी लोग शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल होने जा रहे थे, इनके पास से ही यह प्रश्न पत्र मिले हैं।
उन्होंने कहा कि अब तक 40 ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है और इनसे पूछताछ जारी है।
मास्टरमाइंड
सरकारी स्कूल का उप प्रधानाचार्य निकला मास्टरमाइंड
राजस्थान शिक्षक पेपर लीक मामले का कथित 'मास्टरमाइंड' जालौर के एक सरकारी स्कूल के उप प्रधानाचार्य सुरेश विश्नोई निकला है, जो पुलिस हिरासत में है। विश्नोई से जयपुर निवासी भूपी सरन और सुरेश छाका ने प्रश्न पत्र खरीदा था।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ने सभी अभ्यर्थियों के मोबाइल फोन अपने पास रखवा लिए थे। इसके बाद ही उन्होंने सभी को प्रश्नपत्र की फोटोकॉपी दी थी। मौके से पुलिस को एक प्रिंटर भी बरामद हुआ है।
बयान
10-10 लाख रुपये में बेचा गया पेपर- उदयपुर पुलिस
राजस्थान पुलिस ने मुताबिक, आरोपी ने सभी अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने और उसके उत्तरों को रटने के लिए दो घंटे का समय दिया था। यह पेपर सभी को 10-10 लाख रुपये में बेचा गया।
समााचार एजेंसी ANI को दिये अपने बयान में उदयपुर के पुलिस अधीक्षक विकास शर्मा ने कहा, "40 से अधिक लोगों को पुलिस हिरासत में लिया गया है, जिनमें सात लड़कियां भी शामिल हैं। परीक्षा का पेपर लीक एक संगठित तरीके से किया गया था।"
बयान
पेपर लीक होने पर RPSC ने क्या कहा?
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) के सचिव हरजी लाल ने कहा कि उदयपुर से जानकारी मिली थी कि शिक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हो गया है। ऐसे में इस परीक्षा को रद्द कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच चल रही है और जो भी इसमें दोषी पाया जाएगा उससे खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी पहलुओं की जांच करने के बाद इस परीक्षा की नई तारीख की घोषणा की जाएगी।
बयान
युवाओं से साथ नहीं होने दिया जाएगा अन्याय- मुख्यमंत्री गहलोत
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस पेपर लीक मामले का संज्ञान लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की बात कही है।
उन्होंने एक ट्वीट में कहा, "राज्य के युवाओं के साथ अन्याय न हो, इसके लिए द्वितीय श्रेणी शिक्षक भर्ती को रद्द कर दिया गया है। बाकी परीक्षाएं हमेशा की तरह चलती रहेंगी। सरकार किसी युवा के साथ अन्याय नहीं होने देगी और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाएगी।"
चुनौती
पेपर लीक के मामले सरकार के लिए बने मुसीबत
इसी साल राजस्थान में पटवारी भर्ती परीक्षा, REET भर्ती परीक्षा और वन रक्षक भर्ती परीक्षा विवादों में रही है।
पटवारी भर्ती परीक्षा में डमी उम्मीदवार बैठाकर नकल करने का मामला सामने आया था जबकि, REET भर्ती परीक्षा और वन रक्षक भर्ती परीक्षा को पेपर लीक होने की वजह से रद्द कर दिया गया था।
एक के बाद एक भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक होने से राजस्थान सरकार के लिए भी बिना गड़बड़ी के परीक्षा आयोजित कराना चुनौती बना हुआ है।