
आयुर्वेद में डॉक्टरी के अलावा नौकरी के अन्य अवसर भी मौजूद, जानिए क्या-क्या बन सकते हैं
क्या है खबर?
आयुर्वेद एक ऐसी चिकित्सी प्रणाली है, जिसकी जड़ें प्राचीन भारत में हैं। यहां आयुर्वेद को बहुत महत्व दिया जाता है।
एलोपैथिक मेडिकल क्षेत्र में भले ही बड़े-बड़े अनुसंधान हो चुके हैं, लेकिन आज भी कई लोग बीमारियों के इलाज के लिए आयुर्वेद के डॉक्टर के पास जाते हैं।
कोरोना वायरस महामारी के बाद आयुर्वेद में लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है। ऐसे में आयुर्वेद के क्षेत्र में जाना 12वीं के बाद बेहतर करियर विकल्प साबित हो सकता है।
कोर्स
कौन-सा कोर्स करें?
आयुर्वेद में करियर बनाने के लिए ग्रेजुएशन स्तर पर बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी (BAMS) कोर्स करना होगा। ये साढ़े 5 साल का कोर्स होता है।
इसके अलावा आयुर्वेद में 2 वर्ष का पोस्ट ग्रुेजुएट डिप्लोमा कोर्स कर सकते हैं। आप पंचकर्म, क्षार कर्म, आयुर्वेदिक फार्मास्युटिक्स, प्रसूति और स्त्री रोग, बाल रोग, मानसिक स्वास्थ्य, अस्थि रोग निदान, त्वचा रोग और जोड़ रोग के क्षेत्र में विशेषज्ञ बन सकते हैं।
इसके बाद PhD का विकल्प भी रहता है।
आयुर्वेदिक
आयुर्वेदिक डॉक्टर के अलावा आप क्या-क्या बन सकते हैं?
अक्सर लोगों का मानना होता है कि आयुर्वेद के क्षेत्र में केवल डॉक्टर बनने का ही विकल्प रहता है, जबकि ऐसा नहीं है।
आप इसमें कई अलग-अलग पदों पर काम कर सकते हैं।
आप आयुर्वेदिक स्वास्थ्य और कल्याण परामर्शदाता बन सकते हैं, जो आयुर्वेदिक दिशा-निर्देशों के आधार पर विशिष्ट आहार और जीवनशैली के जरिए लोगों का उपचार करते हैं।
आप आयुर्वेद शोधकर्ता भी बन सकते हैं, जो किसी विशेष बीमारी के इलाज के नए तरीकों की खोज करते हैं।
हीलिंग
खुद का वेलनेस सेंटर खोल सकते हैं
आज कल लोग प्रकृति का अनुभव करने और मानसिक शांति के लिए कायाकल्प केंद्र जाते हैं।
ऐसे में आप खुद का वेलनेस सेंटर खोल सकते हैं। ये भारतीयों और विदेशी पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं।
आयुर्वेद सिर्फ लोगों के शारीरिक इलाज के लिए नहीं है और इसमें मानसिक स्वास्थ्य को भी ध्यान में रखा जाता है।
आप हीलिंग थेरेपिस्ट बन सकते हैं। आप योग शिक्षक, मसाज थेरेपिस्ट, फिजिकल थेरेपिस्ट, एक्यूपंकचरिस्ट या हर्बलिस्ट भी बन सकते हैं।
नौकरी
पिछले कुछ सालों में बढ़ें आयुर्वेद में सरकारी नौकरी के अवसर
आयुर्वेद के क्षेत्र में नौकरी के अलग-अलग अवसर मौजूद हैं, लेकिन पिछले कुछ समय में आयुर्वेद के क्षेत्र में सरकारी नौकरी के अवसर बढ़ गए हैं।
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय की ओर से आयुर्वेद के क्षेत्र में बेहतर विकल्प प्रदान किए जा रहे हैं।
आप अनुसंधान केंद्रों, स्वदेशी मेडिकल विभाग, आयुर्वेदिक अस्पताल, राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन अभियान, चिकित्सा पर्यटन, राष्ट्रीय आयुष मिशन और आयुर्वेद विशेषज्ञ केंद्रों में अपनी सेवाएं दे सकते हैं।
कमाई
आयुर्वेद के क्षेत्र में कितनी कमाई होती है?
प्रत्येक क्षेत्र की तरह आयुर्वेद में भी कमाई आपके अनुभव और कौशल के आधार पर तय होती है।
अगर आप एक प्रतिष्ठित आयुर्वेदिक डॉक्टर के रूप में पहचान बना लेते हैं तो महीने के लाखों रुपये कमा सकते हैं।
ज्यादा कमाई के लिए आप खुद का प्राइवेट क्लीनिक खोल सकते हैं।
अगर आप आयुर्वेदिक वेलनेस सेंटर और योग क्लासेज चलाते हैं तो भी अच्छी कमाई हो सकती है।
प्रतिष्ठित आयुर्वेदिक संस्थानों में भी अच्छा वेतन मिलता है।