Page Loader
SEBI प्रमुख माधबी पुरी बुच की मुश्किलें बढ़ीं, संसदीय समिति ने तलब किया
SEBI प्रमुख बुच को संसद की लोक लेखा समिति ने तलब किया है

SEBI प्रमुख माधबी पुरी बुच की मुश्किलें बढ़ीं, संसदीय समिति ने तलब किया

लेखन आबिद खान
Oct 05, 2024
12:27 pm

क्या है खबर?

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) की अध्यक्ष माधबी पुरी बुच की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सरकारी खर्च पर निगरानी रखने वाली संसद की लोक लेखा समिति (PAC) ने बुच को 24 अक्टूबर को पेश होने के लिए कहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुच के अलावा वित्त मंत्रालय, आर्थिक मामलों के विभाग और संचार मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों को भी PAC के समक्ष उपस्थित होने के लिए कहा गया है।

रिपोर्ट

समिति पूछ सकती हैं ये सवाल

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, सूत्रों ने बताया कि PAC के सदस्य अडानी समूह के खिलाफ आरोपों की जांच में SEBI की निष्पक्ष कार्यप्रणाली पर सवाल पूछ सकते हैं। मनी कंट्रोल की खबर के मुताबिक, समिति के सदस्यों ने संकेत दिया कि बुच और भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) अध्यक्ष अनिल कुमार लाहोटी का प्रतिनिधित्व वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किए जाने की उम्मीद है। अडाणी हिंडनबर्ग विवाद को लेकर ये बैठक अहम मानी जा रही है।

वजह

क्यों तलब की गईं बुच?

इसी साल अगस्त में हिंडनबर्ग ने दावा किया कि माधबी और उनके पति धवल की अडाणी समूह से जुड़ी ऑफशोर कंपनी में हिस्सेदारी है। हिंडनबर्ग ने कहा कि जिन ऑफशोर संस्थाओं का इस्तेमाल अडाणी मनी साइफनिंग घोटाले में हुआ, उसमें माधबी की हिस्सेदारी थी। हिंडनबर्ग ने दावा किया कि माधबी और धवल की मॉरीशस की ऑफशोर कंपनी 'ग्लोबल डायनामिक ऑपर्चुनिटी फंड' में हिस्सेदारी है। इसी कंपनी में गौतम अडाणी के भाई विनोद अडाणी ने भी निवेश किया है।

कांग्रेस

कांग्रेस ने साधा था निशाना

रिपोर्ट आने के बाद कांग्रेस ने बुच के इस्तीफे की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया था। जयराम रमेश ने कहा था कि अडाणी महाघोटाले की जांच करने में SEBI की अनिच्छा को लंबे समय से देखा जा रहा है और सच्चाई यह है कि सर्वोच्च अधिकारियों की मिलीभगत का पता अडाणी महाघोटाले की पूरी जांच के लिए JPC का गठन करके ही लगाया जा सकता है। समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस ने भी बुच को निशाने पर लिया था।

बुच का जवाब

आरोपों पर बुच का क्या कहना है?

बुच ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। एक बयान में बुच और धवल ने कहा था, "हम रिपोर्ट में लगाए गए निराधार आरोपों और आक्षेपों का दृढ़ता से खंडन करते हैं। इनमें कोई सच्चाई नहीं है। हमारा जीवन और वित्तीय स्थिति एक खुली किताब है। सभी आवश्यक खुलासे पिछले कुछ वर्षों में पहले ही किए जा चुके हैं। हमें और सभी वित्तीय दस्तावेजों का खुलासा करने में कोई हिचकिचाहट नहीं है।"

परिचय

कौन हैं माधबी बुच?

1966 में जन्मीं माधबी ने दिल्‍ली और मुंबई में स्‍कूली शिक्षा हासिल की है। उन्होंने सेंट स्‍टीफन कॉलेज और IIM अहमदाबाद से पढ़ाई की है। उन्होंने 1989 में ICICI बैंक में काम किया। 2006 में वे ICICI सिक्योरिटीज में शामिल हो गईं। वे शंघाई में न्यू डेवलपमेंट बैंक और निजी इक्विटी फर्म ग्रेटर पैसिफिक कैपिटल के लिए भी काम कर चुकी हैं। 22 मार्च, 2022 को उन्होंने SEBI प्रमुख का कार्यभार संभाला था।