Page Loader
अमेरिका: डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा फैसला, कैपिटल दंगाईयों को माफ किया; पेरिस समझौते से बाहर निकले
डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति बनते ही कई बड़े फैसले लिए (तस्वीर: एक्स/@cb_doge)

अमेरिका: डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा फैसला, कैपिटल दंगाईयों को माफ किया; पेरिस समझौते से बाहर निकले

लेखन गजेंद्र
Jan 21, 2025
09:41 am

क्या है खबर?

अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में कुर्सी संभालने वाले डोनाल्ड ट्रंप ने अपने शपथ ग्रहण के कुछ ही घंटों बाद कई बड़े निर्णय लिए हैं। इन फैसलों में 2021 में कैपिटल हिल में उपद्रव मचाने के आरोपियों को माफ करना, पेरिस जलवायु समझौते से अमेरिका को बाहर निकालना, टिक-टॉक पर प्रतिबंध को 75 दिनों तक टालना शामिल है। इसके साथ ही ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन की कुल 78 कार्रवाइयों को भी रद्द कर दिया है।

फैसले

समर्थकों के सामने 8 कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर

ट्रंप ने वाशिंगटन डीसी के कैपिटल वन एरेना में अपने समर्थकों के सामने 8 कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर किए और बाकी के आदेशों पर उसी दिन ओवल ऑफिस लौटने के बाद हस्ताक्षर किए। इस दौरान उन्होंने भीड़ को संबोधित करते हुए कहा, "हम कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर करने जा रहे हैं। सबसे पहले, मैं पिछले प्रशासन, जो इतिहास के सबसे खराब प्रशासनों में से एक था, के लगभग 80 विनाशकारी और कट्टरपंथी कार्यकारी कार्यों को रद्द करूंगा।"

आदेश

पहले दिन के प्रमुख फैसले

ट्रंप ने पहले दिन ट्रांसजेंडर को जैविक लिंग की श्रेणी से बाहर कर दिया है। अब अमेरिका में केवल पुरुष और महिला लिंग होंगे। उन्होंने मैक्सिको की खाड़ी का नाम बदलकर 'अमेरिका की खाड़ी' कर दिया। अमेरिका पेरिस जलवायु समझौता और विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) से बाहर निकल गया है। 1 फरवरी से कनाडा और मैक्सिको पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने का वादा है। ट्रंप ने सेना और कुछ अन्य क्षेत्रों को छोड़कर सभी संघीय भर्तियों पर रोक लगाई है।

जानकारी

ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल में बाइडन को पिछाड़ा

फैसलों के मामले में ट्रंप ने बाइडन को पिछाड़ दिया है। ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान 220 कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर किए थे, जबकि 20 दिसंबर, 2024 तक, बाइडन ने 160 आदेशों पर हस्ताक्षर किए। इन आदेशों में कांग्रेस की मंजूरी आवश्यक नहीं।

विवाद

क्या है कैपिटल हिल हिंसा का मामला?

6 जनवरी 2021 को कैपिटल हिल (अमेरिकी संसद) पर ट्रंप के समर्थकों ने हमला कर दिया था। यह हमला तब हुआ, जब ट्रंप ने अपने समर्थकों से 2020 में हुए चुनावी नतीजों को पलट देने का आह्वान किया था। दरअसल, 2020 में हुए चुनावों में ट्रंप की हार हुई थी। इस हिंसा में आधिकारिक तौर 4 लोगों की मौत हुई थी। इस मामले में फिलहाल ट्रंप के खिलाफ मुकदमा चला था। मामले में 1,500 से अधिक लोग दोषी थे।

ट्विटर पोस्ट

डोनाल्ड ट्रंप ने हस्ताक्षर किए