इटली में 10 गुना अधिक हो सकती है कोरोना वायरस से संक्रमितों की असली संख्या- अधिकारी
दुनिया के 190 से ज्यादा देशों में फैल चुके कोरोना वायरस (COVID-19) से इटली सबसे बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यहां मंगलवार को 743 लोगों की मौत हुई है। मृतकों की संख्या बढ़ने के साथ ही ऐसी उम्मीदें भी धूमिल हो गई कि देश में महामारी का सबसे बुरा दौर गुजर चुका है। वहीं देश की एक एजेंसी ने कहा कि यहां संक्रमित लोगों की संख्या बताई जा रही संख्या से 10 गुना ज्यादा हो सकती है।
इटली में 6,820 मौतें, लगभग 70,000 संक्रमित
इटली में मंगलवार को कोरोना वायरस से संक्रमित 743 लोगों की मौत हुई, जो सोमवार को हुई मौतों से 141 ज्यादा है। इससे पहले यहां रविवार को 651, शनिवार को 793, शुक्रवार को 627 और गुरुवार को 427 लोगों की जान गई थी। यहां अब तक 6,820 लोगों की जिंदगियां कोरोना वायरस की भेंट चढ़ चुकी हैं और 69,176 लोग इससे संक्रमित पाए गए हैं। यहां संक्रमितों की संख्या चीन के बाद सबसे अधिक है।
इटली में लगभग सात लाख लोग संक्रमित- एंजेलो बोरेल्ली
इटली में महामारी के संक्रमण की हालात संख्या से कहीं ज्यादा वीभत्स हैं। देश में केवल उन्हीं लोगों की जांच हो रही है जिनमें गंभीर लक्षण देखे जा रहे हैं। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, सिविल प्रोटेक्शन एजेंसी के प्रमुख एंजेलो बोरेल्ली ने कहा है कि देश में संक्रमित लोगों की संख्या बताई जा रही संख्या से 10 गुना अधिक हो सकती है। उनका मानना है कि इटली में 7 लाख लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं।
इटली में हालात इतने खराब क्यों?
इटली के महामारी विशेषज्ञ पियरलुईजी कोको हालात बिगड़ने के कई कारण मानते हैं। उन्होंने बीबीसी को बताया कि अनुवांशिकी इसकी एक वजह हो सकती है। यहां बिना लक्षणों वाले लोग भी कोरोना वायरस की चपेट में है। दूसरी वजह यह भी हो सकती है कि इटली में बुजुर्गों की आबादी काफी है। इस उम्र में लोग संक्रमण की चपेट में जल्दी आते हैं और उनका इलाज मुश्किल होता है। कई लोग संक्रमण को नहीं झेल पाते।
"सांस्कृतिक और सामाजिक कारण भी जिम्मेदार"
कोको कहते हैं, "इटली के लोगों की सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियां भी संक्रमण को फैलाने में मदद करती है। यहां लोग बड़े समूहों में मिलते हैं और एक-दूसरे को चूमकर प्रेम जताते हैं। यहां परिवार भी काफी करीबी होते हैं।"
लोगों के घरों से बाहर निकलने पर जुर्माना
इटली में संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए दो सप्ताह से लॉकडाउन जारी है। लोगों को बिना जरूरत के घर से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है। सोमवार को सरकार ने सभी गैर जरूरी काम धंधे बंद करने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा संक्रमितों की बढ़ती संख्या के बीच प्रधानमंत्री ने घरों से बाहर निकलने पर लोगों पर लगने वाले जुर्माने की राशि में 10 गुना से अधिक बढ़ोतरी की है।
देश की अर्थव्यवस्था के लिए खतरे की घंटी
इटली में 3 अप्रैल तक प्रतिबंध जारी रहेंगे। माना जा रहा है कि अगर स्थिति नियंत्रण में नहीं रहती है तो प्रतिबंध आगे भी बढ़ाए जा सकते हैं। मंगलवार को जारी एक नियम के अनुसार सरकार इन प्रतिबंधों को 31 जुलाई तक बढ़ा सकती है। इसका असर देश की पहले से लड़खड़ा रही अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। विशेषज्ञों का कहना है कि इस साल देश की अर्थव्यस्था 11 प्रतिशत तक सिकुड़ जाएगी।
इस खबर को शेयर करें