Page Loader
लड़की के दांतों और मसूडों में उग रहे हैं बाल, देखकर डॉक्टर भी हुए हैरान

लड़की के दांतों और मसूडों में उग रहे हैं बाल, देखकर डॉक्टर भी हुए हैरान

लेखन अंजली
Feb 08, 2020
12:50 pm

क्या है खबर?

ये तो सभी जानते होंगे कि शरीर पर दो तरह के बाल होते हैं, अनचाहे बाल और चाहे बाल। चाहे बाल अगर समय से पहले उड़ जाएं तो इंसान परेशान हो जाता है। वहीं, अनचाहे बाल ज्यादा हो जाएं तो भी परेशानियां होती हैं, लेकिन सामने आए एक मामले में तो अनचाहेपन की पराकाष्ठा प्रकट हो रही है। दरअसल, एक महिला के मसूड़ों में बाल उगने की घटना सामने आई है, जिसके बारे में जानकर हर कोई हैरान है।

मामला

महिला के दांतों और मसूडों के बीच उग रहे हैं बाल

यह अजीबो-गरीब मामला इटली की एक 25 वर्षीय महिला का है, जिसके दांत और मसूड़ों के बीच बाल उगते हैं। मुंह में बाल उगने की समस्या से यह महिला काफी परेशान है। मुंह में बाल उगने के इस मामले को देखकर डॉक्टर भी हैरान रह गए, क्योंकि इस तरह की समस्या किसी महिला में पहली बार देखने को मिली है। हालांकि, दुनिया भर में इस तरह के पांच मामले सिर्फ पुरुषों में सामने आए हैं।

तर्क-वितर्क

डॉक्टर को नहीं पता इस समस्या का कारण

डॉक्टर भी इस समस्या को देखकर बहुत हैरान हैं, क्योंकि उनकी समझ में नहीं आ रहा है कि इस समस्या का कारण क्या है। कुछ डॉक्टरों का मानना है कि इस समस्या के पीछे पॉलिसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम नाम की बीमारी जिम्मेदार हो सकती है। वहीं, कुछ डॉक्टर इस समस्या को गिंगिवल हर्सुटिज्म से जोड़कर देख रहे हैं। बता दें कि इन दोनों दुर्लभ बीमारियों में शरीर के उन हिस्सों में बाल उग आते हैं जहां सामान्य तौर पर नहीं उगते।

जानकारी

डॉक्टरों को नहीं मिल रहा इस बीमारी का इलाज

जानकारी के मुताबिक, इस बीमारी का इलाज लगभग 10 साल तक चलता है, जिसमें हार्मोन्स पर काम किया जाता है। महिला के मामले में टेस्टोस्टेरॉन नामक हार्मोन्स को जिम्मेदार माना जा रहा है, क्योंकि उन्हें 15 साल की उम्र में यह हार्मोन्स बढ़ने की समस्या हुई थी। डॉक्टरों ने बताया कि महिला 2009 में भी गले में बालों की शिकायत लेकर इलाज कराने आयी थी। फिलहाल, डॉक्टर इस समस्या को गिंगिवल हर्सुटिज्म नामक बीमारी मानकर ही इलाज कर रहे हैं।