Page Loader
आर्थिक मंदी की चपेट में आया जापान, तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का खिताब खोया
जापान आर्थिक मंदी की चपेट में (प्रतीकात्मक तस्वीर)

आर्थिक मंदी की चपेट में आया जापान, तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का खिताब खोया

लेखन गजेंद्र
Feb 15, 2024
12:24 pm

क्या है खबर?

विकसित देशों में शुमार जापान अचानक से आर्थिक मंदी की चपेट में आ गया है। देश की अर्थव्यवस्था 2 तिमाही से लगातार गिर रही है। BBC के मुताबिक, जापान का सकल घरेलू उत्पाद (GDP) 2023 के आखिरी 3 महीनों (अक्टूबर से दिसंबर) में एक साल पहले की तुलना में 0.4 प्रतिशत घट गया। पिछली तिमाही में 3.3 प्रतिशत की गिरावट हुई थी। अर्थव्यवस्था में लगातार 2 तिमाही गिरावट होने को आमतौर पर मंदी माना जाता है।

मंदी

जर्मनी तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना- जापान कैबिनेट कार्यालय

जापान के कैबिनेट कार्यालय के आंकड़ों से संकेत मिला कि देश ने दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का खिताब जर्मनी को खो दिया है। अक्टूबर, 2023 में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) का अनुमान था कि अमेरिकी डॉलर में मापने पर जर्मनी दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में जापान से आगे निकल सकता है। IMF रैंकिंग में बदलाव की घोषणा तब करेगा, जब दोनों देश अपने आर्थिक विकास के आंकड़ों के अंतिम संस्करण को प्रकाशित करेंगे।

कारण

जापान में आई मंदी का क्या है कारण?

जापान सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, 2023 में जापान की GDP करीब 4.2 खरब डॉलर की थी। ताजा बदलाव का कारण जापानी मुद्रा येन में आई गिरावट हो सकता है। 2022 में जापानी येन डॉलर के मुकाबले करीब 20 प्रतिशत तक गिरा था, वहीं पिछले साल यह 7 प्रतिशत गिरा था। इसके अलावा महंगाई दर बैंक ऑफ जापान के 2 प्रतिशत के लक्ष्य से अधिक है। इसके अलावा घरेलू मांग और निजी खपत पर भी असर पड़ा है।

जानकारी

विश्व की 5 अर्थव्यवस्था में शामिल है भारत

फोर्ब्स के मुताबिक, अमेरिका 27.974 खरब डॉलर के साथ पहले स्थान पर है। चीन 18.566 खरब डॉलर के साथ दूसरे, जर्मनी 4.730 खरब डॉलर के साथ तीसरे, जापान 4.291 खरब डॉलर के साथ चौथे और भारत 4.112 खरब डॉलर के साथ पांचवें स्थान पर है।