#NewsBytesExplainer: गाजा पर हमलों में 'मानवीय विराम' के लिए तैयार इजरायल, जानें ये क्या होता है
क्या है खबर?
इजरायल-हमास युद्ध को एक महीना पूरा हो चुका है। इसमें अब तक 11,500 से ज्यादा लोग मारे गए हैं।
इस बीच इजरायल पर युद्धविराम का दबाव बढ़ता जा रहा है। अरब जगत के देशों के अलावा यूरोप और अमेरिका के कई शहरों में युद्धविराम को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं।
इस दबाव के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि वे 'मानवीय विराम' पर विचार कर रहे हैं।
आइए समझते हैं कि मानवीय विराम क्या होता है।
बयान
सबसे पहले जानें नेतन्याहू ने क्या कहा
नेतन्याहू ने ABC न्यूज से कहा, "मुझे नहीं लगता कि गाजा पट्टी में कोई सामान्य युद्धविराम होने जा रहा है। जहां तक सामरिक छोटे-छोटे विरामों की बात है, एक घंटा यहां, एक घंटा वहां तो हम पहले भी ऐसा कर चुके हैं। मुझे लगता है कि हम सामान, मानवीय सामग्री या हमारे बंधकों को छोड़ने में सक्षम बनाने के लिए परिस्थितियों की जांच करेंगे। मुझे नहीं लगता कि सामान्य संघर्ष विराम लागू होगा।"
विराम
क्या होता है मानवीय विराम?
मानवीय विराम युद्ध में एक अस्थायी विराम होता है, जो मानवीय गतिविधियों को पूरा होने के लिए दिया जाता है। ये आमतौर पर एक विशिष्ट क्षेत्र तक सीमित होता है और इसकी अवधि भी कुछ घंटों की ही रहती है।
अल जजीरा से बात करते हुए लंदन के किंग्स कॉलेज में युद्ध अध्ययन के प्रोफेसर समीर पुरी ने कहा, "मानवीय विराम प्रभावी रूप से सहायता या विस्थापित लोगों को अनुमति देने के लिए एक संघर्ष विराम होता है।"
अनुमति
मानवीय विराम के दौरान किन कार्यों की अनुमति होती है?
लंदन स्थित ब्रिटिश थिंक टैंक चैथम हाउस के अनुसार, मानवीय विराम के जरिए अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानूनों के तहत आवश्यक कार्य किए जा सकते हैं।
इनमें घायलों और बीमारों को युद्ध क्षेत्र से बाहर निकालना, राहत सामग्री पहुंचाने के लिए रास्ता बनाना और मानवीय मदद सुनिश्चित करने जैसे प्रयास शामिल हैं।
इससे पहले भी हमास द्वारा बंधकों की रिहाई के दौरान इजरायल ने कुछ घंटों के लिए मानवीय विराम किया था।
अलग
मानवीय विराम युद्धविराम से कैसे अलग होता है?
मानवीय विराम और युद्धविराम के बीच मुख्य अंतर उद्देश्य का है।
युद्धविराम का मतलब दोनों पक्षों के बीच लड़ाई बंद होने से है। आमतौर पर ये एक समझौते के बाद लागू होता है और इसमें एक औपचारिक राजनीतिक प्रक्रिया शामिल होती है।
अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, इसमें हथियार वापस लेना और सैनिकों को फिर से तैनात करना शामिल हो सकता है। युद्धविराम आमतौर पर पूरे युद्ध क्षेत्र में लागू होता है।
हमास
इजरायल-हमास युद्ध में युद्धविराम का क्या मतलब होगा?
इजरायल-हमास युद्ध में युद्धविराम का मतलब गाजा से इजरायली टैंकों और सैनिकों की वापसी और हमास द्वारा सभी बंधकों को रिहा करना शामिल होगा।
इजरायली सरकार ने कहा कि 7 अक्टूबर को हमास द्वारा किए गए हमले के दौरान बंधक बनाए गए लोगों को पहले रिहा किया जाना चाहिए, इसके बाद ही युद्धविराम पर विचार किया जाएगा।
इसके लिए दोनों पक्षों को एक औपचारिक राजनीतिक समझौते पर आना होगा।
देश
किन देशों ने युद्धविराम का किया आह्वान?
संयुक्त राष्ट्र (UN) समेत कई देशों ने गाजा में युद्धविराम का आह्वान किया है। UN ने 6 नवंबर को एक बयान में कहा, "गाजा की पूरी आबादी को घेर लिया गया है और हमला किया जा रहा है। उन्हें जीवित रहने के लिए जरूरी चीजों की पहुंच से वंचित कर दिया गया है। यह अस्वीकार्य है।"
इसके अलावा रूस और अरब जगत के कई देशों ने युद्धविराम का आह्वान किया है। हालांकि, अमेरिका ने इसे खारिज कर दिया है।
प्लस
न्यूजबाइट्स प्लस
इजरायल-हमास युद्ध में अब तक 11,500 से भी ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इजरायल के हमलों में 10,022 लोगों की मौत हुई है, जिनमें 4,104 बच्चे हैं। 6,360 बच्चों समेत कुल 25,405 लोग घायल हुए हैं।
दूसरी ओर इजरायल के 1,405 लोग मारे गए हैं और 5,600 घायल हुए हैं।
इजरायल गाजा पर हर एक घंटे में 42 बम गिरा रहा है।