चीन ने कनाडा और आयरलैंड सहित 21 देशों में खोले अवैध पुलिस स्टेशन- रिपोर्ट
क्या है खबर?
दुनिया की सुपरपावर बनने की चाहत में चीन ने कनाडा और आयरलैंड सहित दुनियाभर के 21 देशों अवैध पुलिस स्टेशन खोले हैं। चीन के इस कदम से मानवाधिकार कार्यकर्ता काफी चिंतित हैं।
यह अवैध पुलिस सर्विस स्टेशन कनाडा में पब्लिक सिक्योरिटी ब्यूरो से संबद्ध हैं। इन स्टेशनों का इस्तेमाल चीन विरोधियों से निपटने के लिए किया जाता है।
खोजी पत्रिका रिपोर्टिका ने अपनी रिपोर्ट में स्थानीय मीडिया के हवाले से यह चौंकाने वाला खुलासा किया है।
दावा
रिपोर्ट में क्या किया गया है दावा?
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कनाडा में फुज़ोऊ पब्लिक सिक्योरिटी ब्यूरो (PSB) से जुड़े अनौपचारिक पुलिस सर्विस स्टेशन स्थापित किए हैं। तीन पुलिस स्टेशन ग्रेटर टोरंटो में हैं। आयरलैंड के डबलिन में भी ऐसे ही चीनी पुलिस स्टेशन देखे गए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, ये सभी पुलिस स्टेशन अवैध है और चीन के विरोधियों को सताने के लिए स्थापित किए गए हैं। इन पुलिस चौकियों के सहारे चीनी सरकार संबंधित देशों में चुनाव भी प्रभावित कर रही है।
देश
किन देशों में खोले गए हैं अवैध पुलिस स्टेशन
PSB का कहना है कि उसने 21 देशों में 30 ऐसे स्टेशन खोले हैं। इसके साथ ही यूक्रेन, फ्रांस, स्पेन, जर्मनी और ब्रिटेन में भी चीनी पुलिस स्टेशनों के लिए ऐसी व्यवस्था की गई है। इन देशों में से अधिकतर के नेता सार्वजनिक मंच पर चीन के बढ़ने के बारे में सवाल उठाते हैं और मानवाधिकारों पर चीन की आलोचना करते हैं।
ऐसे में सर्विस स्टेशन की मदद से चीन अपने विरोधियों पर नकेल कसने की तैयारी कर रहा है।
जानकारी
मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध
इधर, मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने चीन की सत्ताधारी कम्युनिस्ट पार्टी पर आरोप लगाया है कि वो सुरक्षा के नाम पर देश भर में मानवाधिकार उल्लंघन करते हैं। इनमें कैंपो में लोगों को कैद करना और जबरन परिवारों को अलग करना जैसे गंभीर मामले शामिल हैं।
सफाई
चीन ने पुलिस स्टेशनों को बताया व्यावसायिक कौशल प्रशिक्षण केंद्र
इधर, चीन का कहना है कि सर्विस पुलिस स्टेशन व्यावसायिक कौशल प्रशिक्षण केंद्र हैं और यह चरमपंथ से निपटने और आजीविका सुधारने के लिए जरूरी हैं।
इसी तरह इनके जरिए विदेशों में रहने वाले चीनी नागरिकों को स्थानीय पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने और अन्य नौकरशाही प्रक्रियाओं में मदद की जाती है।
चीन का कहना है कि इन स्टेशनों की पुलिस अपराधियों को चीन वापस भेजने का भी काम करती है। अब तक 2.30 लाख लोगों को चीन भेजा गया है।
मदद
चीन ने किया पुलिस स्टेशनों के जरिए अपने नागरिकों की मदद का दावा
PSB प्रमुख ने चीनी सरकारी मीडिया सिन्हुआ से कहा कि सर्विस स्टेशन विदेशों में रहने वाले चीनी नागरिकों के लिए कुशल, उच्च-गुणवत्ता और सुविधाजनक सेवाएं प्रदान करने और इस समूह से जुड़े अपराधों, अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने में शामिल है।
कई विदेशी मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इन स्टेशनों के कर्मचारियों में चीनी अधिकारी अपने रिश्तेदारों को भर्ती करने में जुटे हैं और विदेशों में अपनी मौजूदगी बढ़ा रहे हैं।