Page Loader
क्रिसमस मनाने पर प्रतिबंध लगाने से लेकर कर्ज माफ करने तक, जानें क्रिसमस के विचित्र कानून 
क्रिसमस से जुड़े विचित्र कानून (तस्वीर: पिक्सेल)

क्रिसमस मनाने पर प्रतिबंध लगाने से लेकर कर्ज माफ करने तक, जानें क्रिसमस के विचित्र कानून 

लेखन सयाली
Dec 23, 2024
08:30 am

क्या है खबर?

25 दिसंबर को दुनियाभर में क्रिसमस मनाया जाएगा, जो ईसाईयों का सबसे खास त्योहार होता है। इस पर्व पर लोग गिरजाघरों में जाकर प्रार्थना करते हैं, पार्टियों में शामिल होते हैं और करीबियों संग उत्सव मनाते हैं। विभिन्न देशों में अलग-अलग परंपराओं से क्रिसमस मनाया जाता है। हालांकि, काफी कम लोग जानते हैं कि इस त्योहार पर कई विचित्र कानून भी लागू किए जा चुके हैं। आइए ऐसे ही कुछ कानूनों के बारे में जानते हैं।

#1

क्रिसमस मनाने पर प्रतिबंध

आपको जानकार हैरानी होगी कि एक समय ऐसा भी था, जब क्रिसमस के दिन जश्न मनाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। 1643 में इंग्लैंड ने क्रिसमस पार्टी करने पर प्रतिबंध लगाया था, ताकि इसे एक धार्मिक और पवित्र अवकाश के रूप में मनाया जा सके। इसके बाद, साल 1660 तक इंग्लैंड में क्रिसमस अवैध रहा। इसके अलावा, 1659 में मैसाचुसेट्स बे कॉलोनी की प्यूरिटन सरकार ने भी क्रिसमस मनाने पर प्रतिबंध लगाया था, जो 1681 तक लागू रहा था।

#2

कर्ज माफ करना

अमेरिका के अर्कांसस में लोगों को क्रिसमस के एक दिन पहले अपने-अपने उधार चुकाने होते हैं। हालांकि, लुइसियाना में इस त्योहार के दिन कर्ज माफ कर दिया जाता है। 1837 में इस राज्य ने एक कानून लागू किया था, जिसके मुताबिक सभी लोगों को अपना उधार चुकाने के लिए क्रिसमस के बाद एक अतिरिक्त दिन दिया जाएगा। लोग अपने उधार 25 के बजाय 26 दिसंबर को चुका सकते हैं और उन्हें क्रिसमस के दिन का ब्याज भी नहीं चुकाना होगा।

#3

सभी कर्मचारियों को क्रिसमस बोनस देना

आम तौर पर कंपनियां क्रिसमस के दिन अपने कर्मचारियों को अवकाश दे देती हैं या तोहफे बांटती हैं। हालांकि, मेक्सिको में इस त्योहार से जुड़ा एक खास कानून बनाया गया है, जिसे अगुइनाल्डो कहते हैं। इसके मुताबिक, मेक्सिको के सभी व्यापारियों और कंपनियों को अपने कर्मचारियों को क्रिसमस बोनस देना होता है। सभी कर्मचारियों को 20 दिसंबर तक बोनस मिल जाना चाहिए और ऐसा करने में विफल होने वाली कंपनियों को जुर्माना देना पड़ता है।

#4

शराब पीने पर प्रतिबंध

पश्चिमी देशों में क्रिसमस का जश्न शराब पिये बिना अधूरा माना जाता है। हालांकि, अर्कांसस में इस त्योहार के दिन शराब और शराब युक्त पेय पर प्रतिबंध रहता है। इस दिन लोग अपने-अपने घरों में बैठकर शराब का सेवन कर सकते हैं। हालांकि, क्रिसमस के दिन दुकानों पर शराब बिकना बंद हो जाती है और उसे बेचना गैर कानूनी होता है। क्रिसमस से जुड़ी 5 सबसे विचित्र परंपराओं के बारे में जानिए।